


रतलाम। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में रतलाम (Ratlam) जिले के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और वैचारिक चिंतन का परिचय दिया। जिले के 616 विद्यालयों के लगभग 20 हजार विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों के बनाए 250 चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जबकि 12 विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ उनमें वैचारिक विकास और अभिव्यक्ति की क्षमता को भी मजबूत करती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी देश में हो रहे बदलावों को समझने और भविष्य के प्रति अपनी सोच विकसित करने का अवसर प्राप्त करते हैं।
2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी विद्यार्थियों की कल्पनाएं
मंत्री काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। देश में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से देश में ही आवश्यक वस्तुओं के निर्माण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार हर क्षेत्र में विकास और चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने वैचारिक विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। भाषण प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करती हैं। वहीं, चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों, भावनाओं और कल्पनाओं को रंगों के जरिए अभिव्यक्त किया है।
अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। पहले विद्यालय स्तर पर, फिर विकासखंड स्तर पर और अंत में जिला स्तर पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थी अब राज्य स्तर पर सहभागिता करेंगे। भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता के पांच विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त 18 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नव्या नागरिया, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ (सैलाना) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर खुशाल सिंह परमार, शासकीय हाईस्कूल, घटला (रतलाम) रहे। तृतीय स्थान हर्षिता बामनिया, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, तालिदाना (पिपलोदा) को मिला। चतुर्थ स्थान प्रियंका धाकड़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपलिया जोधा (जावरा) ने प्राप्त किया, जबकि पंचम स्थान विकास झोडिया, शासकीय हाईस्कूल, केलकच्छ (बाजना) को मिला।
भाषण प्रतियोगिता में हर्षवर्धन सिंह झाला प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में संस्कार एकेडमी, भूतिया (आलोट) के हर्षवर्धन सिंह झाला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी, रतलाम के भव्य शर्मा द्वितीय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शेरपुर के कृष्णा चौहान तृतीय स्थान पर रहे। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाजना की कु. गारी राठौर ने चतुर्थ तथा समता इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम की कु. लेखनी बरमेचा ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला मंत्री अनुज शर्मा, कलेक्टर अजय कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उनके विचारों को प्रोत्साहित किया गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


