


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) की अब तक की सबसे बड़ी नटवरलाल महिला की नई नई शिकायतों के साथ उसके कई बेहरूपिए किरदार सामने आ रहे हैं। लेडी नटवरलाल को आखिर जेल भेज दिया गया लेकिन इससे ठगी – के शिकार हुए और भी लोग लगातार सामने आ रहे हैं। इसने नौकरी का झांसा देकर जावरा के युवक से 2.70 लाख रुपए ठग लिए। वहीं नवोदय स्कूल की प्रिंसिपल बनकर धार जिले के कोद के दिव्यांग पिता-पुत्र के साथ 4.27 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इंदौर जिले के गौतमपुरा का भी इसका एक शिकार मंगलवार को अपनी पीड़ा लेकर माणक चौक थाने पहुंचा था लेकिन उसे गौतमपुरा थाने भेज दिया।
दूसरे थाने की पुलिस को भी तलाश
आरोपी सपना ठाकुर को जेल भेज दिया है। औद्योगिक क्षेत्र थाने के एसआई ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि हमारे यहां के केस के मामले में सपना को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। वहीं आईए जावरा थाने के केस में भी इसे प्रोडक्शन वारंट पर ले जाया जाएगा।
केस में फंसाने की धमकी दी इसलिए रिपोर्ट नहीं की
1. जावरा के बरगढ़ निवासी रोहित मालवीय ने आईए थाना जावरा में रिपोर्ट करवाई। मैं पारस ज्वेलरी शॉप पर नौकरी करता हूं। वहां सपना मिली तो उसने कहा कि मेरी ऊपर तक पहचान है, तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगी। मैने मेरी पत्नी की नौकरी लगवाने का कहा तो उसने कहा मेडिकल कॉलेज में लगवा दूंगी। 9 अक्टूबर 2024 को कॉल कर कहा कि सर आए हैं, 40 हजार डाल दो। मैंने 38 हजार रुपए डाले। उसने मुझसे 2.70 लाख रुपए ऑनलाइन ले लिए रुपए मांगे तो धमकाया कि किसी भी केस में झूठा फंसा दूंगी।
जमीन व रुपए दिलाने का लालच दिया तो लोन लेकर दिए रुपए
2. धार जिले के कोद निवासी दयाराम परमार ने कानवन थाने में आवेदन दिया है। बताया कि मैं पैर से दिव्यांग हूं और मेरे बेटे भरत (26) की 2014 में रोशनी चली गई थी। मेरी बेटी रीना रतलाम में सब्जी की दुकान लगाती है। रीना से दोस्ती कर सपना मेरे घर आई। उसने खुद को नवोदय विद्यालय कालूखेड़ा की प्रिंसिपल बताया और कहा दिव्यांग हो इसलिए मैं हाई कोर्ट में केस लगाकर 50 लाख रुपए व 5 बीघा जमीन भी दिलवा दूंगी। ये कहकर उसने मेरे साथ 4.27 लाख की धोखाधड़ी कर दी।
SIT को सौंपी है जांच
रतलाम के माणक चौक, आईए रतलाम और जावरा में इसके खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी के केस को लेकर एक एसआईटी विस्तृत जांच करेंगी। वहीं इससे जुड़े दूसरे एंगल पर भी जांच की जाएगी। – अमित कुमार, SP – रतलाम (मध्य प्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


