


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र के संवेदनशील हरमाला रोड स्थित फूल मंडी पर पुलिस ने चौकी स्थापित की है। चौकी शुरू होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। लंबे समय से तनावपूर्ण स्थिति और सुरक्षा संबंधी चिंताओं से जूझ रहे क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी से अब लोगों को भयमुक्त वातावरण मिलने की उम्मीद जगी है।
हरमाला क्षेत्र में पूर्व में लगातार तनाव की स्थिति निर्मित होने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए हरमाला रोड फूल मंडी पर अस्थायी पुलिस चौकी शुरू की गई है। यहां पुलिसकर्मी की तैनाती भी की गई है, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सतत मौजूदगी बनी रहेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।
चौकी के शुभारंभ के दौरान एडिशनल एसपी राकेश पंद्रो (Ratlam ASP Rakesh pandro), माणक चौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम – एएसपी
एडिशनल एसपी राकेश पंद्रो (Ratlam ASP Rakesh pandro) ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में कहा, कि हरमाला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। फूल मंडी पर अस्थायी पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी। इससे संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने, किसी भी विवाद या तनाव की स्थिति में तत्काल पहुंचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अब रहवासी करेंगे सुरक्षित महसूस
चौकी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि पुलिस की नियमित मौजूदगी से तनाव की आशंका कम होगी और वे अधिक सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


