


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मावता में मंगलवार को भाजपा नेता एवं किराना व्यापारी कपिल जायसवाल (44) की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
सुसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात
मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर के अनुसार, घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी इच्छा से आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी मौत के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं माना जाए तथा किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाए। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
किराना व्यवसाय से जुड़े थे कपिल जायसवाल
कपिल जायसवाल लंबे समय से मावता में किराना व्यवसाय संचालित कर रहे थे। बताया जाता है कि इससे पहले वे ढाबा भी चलाते थे। स्थानीय स्तर पर भाजपा से जुड़े होने के कारण उनकी क्षेत्र में पहचान थी। उनके इस तरह अचानक चले जाने से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है।
परिवार में पसरा मातम
मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों, बड़े भाई और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कपिल जायसवाल की मौत की खबर फैलते ही मावता सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही पुलिस
कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा सुसाइड नोट के साथ ही घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों को समझने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


