


रतलाम/जावरा। रतलाम (Ratlam) जिले जावरा में पत्नी की शिकायत पर होटल के कमरे से पति और एक युवती के पकड़े जाने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस कार्रवाई और मौके पर हुए विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने हाईवे किनारे स्थित होटल प्रेसिडेंट के एक कमरे से उसके पति विजय और एक युवती को पकड़ा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर हंगामा भी हुआ था। इस दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। बताया गया है कि शनिवार रात युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन रात करीब 10 बजे उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
रविवार को भी युवती मेडिकल कॉलेज में भर्ती रही। मामले की जानकारी लेने और युवती के बयान दर्ज करने के लिए सिटी थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची, लेकिन युवती के बयान नहीं हो सके। परिजनों ने भी घटनाक्रम को लेकर पुलिस को कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। सिटी थाना प्रभारी दीपक मंडलोई के अनुसार, अस्पताल से युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। रविवार को जानकारी लेने पर पता चला कि युवती रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं आईए थाना प्रभारी सुमित मिश्रा का कहना है कि उनके थाने में युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने को लेकर फिलहाल कोई सूचना अथवा शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि जिस होटल में पति और युवती को पकड़े जाने का घटनाक्रम हुआ था, वह आईए थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस फिलहाल युवती के बयान और अन्य तथ्यों के सामने आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


