


रतलाम। वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों में जेल पहुंची फर्जी नारकोटिक्स TI सपना ठाकुर के खिलाफ लगातार सामने आ रही शिकायतों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पुलिस अधिकारी बनकर लोगों पर रुतबा जमाने वाली सपना ठाकुर को पर्दे के पीछे से किसका संरक्षण हासिल था? क्या इस पूरे ठगी के खेल में किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी की भूमिका थी? पुलिस ने भी अब इस दिशा में जांच शुरू करने की बात कही है।
सपना ठाकुर के खिलाफ सामने आ रही शिकायतों और उसके पुलिस अधिकारी होने के दावे के बीच वंदेमातरम् न्यूज के हाथ एक ऐसा वीडियो लगा है, जिसमें वह पुलिस की जैकेट पहनकर सड़क पर एक महिला से कथित तौर पर पुलिसकर्मी की तरह अभद्रता करती नजर आ रही है। इसी दौरान वह मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी से बड़े आत्मविश्वास के साथ पूछती दिखाई देती है- “क्या करूं दीवान जी?” वीडियो में उसका यह अंदाज कई सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर उसे पुलिस की वर्दी और पुलिसिया रुतबे का इतना भरोसा किस आधार पर था?
पौने पांच करोड़ की ठगी के बाद खुलती गई परतें
सपना ठाकुर उस समय सुर्खियों में आई, जब रतलाम के तेजानगर निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर रुपेश चरपोट से करीब 4.75 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया। आरोप है कि सपना ने खुद को मंदसौर नारकोटिक्स विभाग की TI और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बताकर उसे प्रभावित किया और हुंडी कारोबार में फंसे रुपये वापस दिलाने का झांसा दिया। मामले की जांच के बाद रतलाम पुलिस ने सपना ठाकुर (टांक) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ सामने आने वाली शिकायतों का सिलसिला थमा नहीं, बल्कि लगातार नए मामले सामने आने लगे।
आधा दर्जन से अधिक शिकायतों ने बढ़ाए सवाल
सपना ठाकुर के खिलाफ रतलाम सहित आसपास के जिलों के थानों में भी कई गंभीर शिकायतें पहुंचने की बात सामने आई है। शिकायतों की संख्या बढ़ने के साथ अब जांच का दायरा भी बड़ा होता जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि यदि सपना अकेले ही यह पूरा खेल चला रही थी, तो उसे लंबे समय तक पुलिस अधिकारी होने का रुतबा कायम रखने का आत्मविश्वास कहां से मिला? पुलिस की जैकेट पहनना, पुलिस अधिकारी के तौर-तरीकों में लोगों से बातचीत करना और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से भी सहजता से संवाद करना इस पूरे मामले में किसी संभावित संपर्क या संरक्षण की आशंका को जन्म देता है। हालांकि इसकी वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
“क्या करूं दीवान जी?” वीडियो ने बढ़ाया रहस्य
वंदेमातरम् न्यूज (vandematram News) को मिले वीडियो में सपना ठाकुर पुलिस की जैकेट पहने दिखाई दे रही है। सड़क पर एक महिला के साथ कथित तौर पर पुलिसकर्मी की तरह व्यवहार करने के दौरान वह वहां मौजूद पुलिसकर्मी से पूछती है- “क्या करूं दीवान जी?” यह वीडियो इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि सपना पर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करने के आरोप हैं। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या वह केवल दिखावे के लिए पुलिस का रुतबा इस्तेमाल करती थी या उसके पीछे किसी वास्तविक पुलिसकर्मी अथवा अधिकारी का संपर्क भी था?
पुलिस जांच में खुलेगा संरक्षण का राज
मामले में रतलाम ( Ratlam) एसपी अमित कुमार ने वंदेमातरम् न्यूज से चर्चा कर कहा कि फर्जी TI बनकर ठगी करने वाली महिला आरोपी के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। पूरे मामले में यह भी जांच की जा रही है कि ठगी के इस खेल में पर्दे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपी महिला को किसका संरक्षण प्राप्त था।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


