


सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के ग्राम कोटड़ा में घर पर अकेली महिला को भूत-प्रेत और ग्रह-क्लेश का डर दिखाकर चांदी की चेन ठगने के मामले में सैलाना पुलिस ने दो बदमाश सहित ज्वेलर्स को पकड़ा है। वारदात में एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने चेन खरीदने वाले रतलाम के धनजी भाई का नोहरा निवासी ज्वेलर्स राकेश पिता नत्थुमल सोनी को भी आरोपी बनाया है।
भूत-प्रेत का साया बताकर पीड़िता को डराया
पुलिस के अनुसार ग्राम कोटड़ा में महिला बापूड़ी पति डिंडोर घर पर अकेली थी। इसी दौरान बदमाश पहलवान नाथ (24) पिता फंदा नाथ निवासी नाथ फलिया, बामनिया और उसका नाबालिग साथी वहां पहुंचे। दोनों ने महिला को घर में भूत-प्रेत का साया होने और ग्रह-क्लेश की समस्या बताकर उसे दूर करने का झांसा दिया। आरोपियों ने महिला से पानी का लोटा मंगवाया और जादू-टोने की प्रक्रिया का झांसा देते हुए उसके गले में पहनी चांदी की चेन उतरवाकर लोटे में डलवा दी। जैसे ही महिला ने चेन लोटे में रखी, दोनों आरोपी उसे धक्का देकर चांदी की चेन और लोटा लेकर मौके से भाग गए थे।
गर्भवती पत्नी को भर्ती कराने आया था आरोपी
पूछताछ में मुख्य आरोपी पहलवान नाथ ने बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर रतलाम मेडिकल कॉलेज आया था। पत्नी को भर्ती कराने के बाद वह अपने नाबालिग साथी के साथ सैलाना की ओर ग्राम कोटड़ा पहुंचा। यहीं दोनों ने महिला को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
रतलाम में ज्वेलर्स को ₹2700 में बेच दी चेन
वारदात के बाद दोनों आरोपी चांदी की चेन लेकर रतलाम पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने धनजी भाई का नोहरा निवासी ज्वेलर्स राकेश पिता नत्थुमल सोनी को चांदी की चेन ₹2700 में बेच दी। पुलिस ने ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चांदी की चेन बरामद कर ली है।
मोबाइल लेने सैलाना लौटना पड़ा भारी
वारदात के बाद आरोपियों के पास अपना मोबाइल फोन नहीं था। उन्होंने मोबाइल सैलाना के दिलीप मार्ग स्थित एक मोबाइल दुकान पर चार्जिंग के लिए रखा था। चेन बेचने के बाद दोनों मोबाइल लेने वापस सैलाना पहुंचे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर दुकानदार को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कोटड़ा में महिला के साथ की गई वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने ज्वेलर्स पर भी की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में चांदी की चेन बरामद करने के साथ उसे खरीदने वाले ज्वेलर्स राकेश पिता नत्थुमल सोनी को भी आरोपी बनाया है। नाबालिग आरोपी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी पिंकी आकाश, एसआई शिवाजी राव जगताप, प्रधान आरक्षक सूर्य प्रसाद, आरक्षक तूफान भूरिया, यशपाल धनगर एवं दिनेश पाटीदार की भूमिका रही।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


