


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषणों को असली बताकर व्यापारियों और आमजन से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण एवं मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम वजन के चांदी के नौ सिक्के, 30 हजार रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रतलाम में एक बर्तन व्यापारी के साथ नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठगी की घटनाओं में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, वारदातों और ठगी के तरीके के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
आगामी त्योहारों को देखते हुए रतलाम पुलिस बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत रतलाम एसपी अमित कुमार ने संदिग्धों के विरुद्ध सतर्कता बरतने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। एएसपी रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एएसपी रतलाम शहर राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने गिरोह तक पहुंच खुलासा किया।
ऐसे हुआ गैंग का खुलासा
16 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा के फरीदाबाद क्षेत्र से आए कुछ महिला और पुरुष रतलाम में नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नकली आभूषणों सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
बर्तन व्यापारी को ठगने का आरोप
रतलाम एसपी अमित कुमार के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 16 अक्टूबर को फरियादी मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर पहुंचकर नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करना स्वीकारा। टीम घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी कर रही है।
यूपी और बिहार में भी इसी तरह की ठगी
प्रारंभिक पूछताछ में उत्तर प्रदेश और बिहार में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं में आरोपियों की कथित संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अन्य किन शहरों में वारदातों को अंजाम दिया और ठगी के लिए किन तरीकों का इस्तेमाल किया।
11.80 किलो नकली सोने के आभूषण और मूर्ति जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की है—
नकली सोने के आभूषण एवं मूर्ति: 11.800 किलोग्राम
नकली चांदी के आभूषण: 2.200 किलोग्राम
चांदी के सिक्के: 9 नग, कुल वजन 400 ग्राम
नकद राशि: 30,000 रुपये
इलेक्ट्रिक तौल कांटा: 1 नग
जब्त सामग्री की विधिवत जप्ति की गई है। पुलिस बरामद आभूषणों और अन्य वस्तुओं से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़े आरोपी गिरफ्तार
1) सागर (29 वर्ष) पिता गणेश राठौर — निवासी पीटी छज्जुराम विद्यालय के पास, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
2) गणेश (55 वर्ष) पिता गंगाराम राठौर — निवासी छज्जुराम विद्यालय के पास, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
3) मानसिंह (36 वर्ष) पिता वीरचन्द राय — निवासी मकान नंबर 228, बदालीखेड़ा, एमजेएसएस पब्लिक स्कूल के पास, कानपुर रोड, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ। इनके अलावा तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभी महिला आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
मामले में थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 566/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
रतलाम पुलिस की सभी से अपील
रतलाम पुलिस की ओर से एसपी अमित कुमार ने नागरिकों और व्यापारियों से सोने-चांदी के आभूषण खरीदते या बेचते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, अनजान व्यक्तियों द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी बेचने की पेशकश किए जाने पर सतर्क रहना चाहिए। किसी भी आभूषण की प्रामाणिकता की जांच विश्वसनीय विशेषज्ञ से करवाएं। संदिग्ध व्यक्तियों या ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


