


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस – वे (Delhi-Mumbai Expressway) पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। रतलाम (Ratlam) से गुजरात की ओर जा रहा आलू से भरा ट्रक ईसरथुनी के पास अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकराया और नीचे पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में चालक और क्लीनर को चोटें आई हैं। दोनों को एंबुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच रतलाम से गुजरात की ओर जाने वाली लेन पर धामनोद टोल नाके से आगे ईसरथुनी के समीप हुआ। आलू की बोरियों से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुलिया की रेलिंग से टकराकर नीचे जा गिरा। ट्रक के पलटते ही उसमें आग भड़क उठी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग से ट्रक का अगला हिस्सा जलकर राख
ट्रक में आग लगने से उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पलटने के दौरान ट्रक में भरी आलू की बोरियां सड़क और आसपास के क्षेत्र में बिखर गईं। गनीमत रही कि चालक और क्लीनर समय रहते बच गए। दोनों को चोटें आने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अधिक वजन से संतुलन बिगड़ने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक में आलू की बोरियां भरी होने से उसका वजन अधिक था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक रेलिंग से टकराकर नीचे पलट गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रक में लगी आग बुझाने के साथ सड़क पर बिखरे मलबे और पानी की सफाई भी कराई। घायल चालक और क्लीनर को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


