


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के बाजना बस स्टैंड स्थित नारायण मार्केट में नवरात्रि के कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बीती देर रात चाकूबाजी हुई। फरियादी की रिपोर्ट के अनुसार, शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर हिस्ट्रीशीटर विकास यादव ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने आए तोसिफ अली के पेट के पास चाकू लगने से वह गंभीर है। घटना में फरियादी सहित समिति के छह लोगों को चोटें पहुंची हैं। गंभीर रूप से घायल तोसिफ अली को जिला चिकित्सालय से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया है जो कि अभी आईसीयू (ICU) में एडमिट है।
शराब के रुपये नहीं देने पर किया हमला
फरियादी अनिल रोतेला के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7 बजे से गवली मंदिर के सामने नारायण मार्केट, बाजना बस स्टैंड पर नवरात्रि कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। मध्यरात्रि करीब 1 बजे हिस्ट्रीशीटर विकास यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर उसने फरियादी के साथ गाली-गलौज कर जमकर विवाद किया।
बीच-बचाव करने में पेट में घोंपा चाकू
विवाद के दौरान हिस्ट्रीशीटर आरोपी विकास यादव ने चाकू निकालकर अनिल रोतेला पर हमला किया। इसी बीच समीप खड़े तोसिफ अली ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी देते हुए पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद चाकू से किए गए हमले में फरियादी की बाईं बांह, अजय रोतेला के सिर और सुनील रोतेला के पेट में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे आयुष रोतेला की नाक और उज्ज्वल रोतेला के दोनों हाथों में भी चोट लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
आरोपी ने हमले के बाद धमकाया
फरियादी के मुताबिक, मौके पर मौजूद गोलू गवली और रवि साल्वी ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। घायल तोसिफ अली, सुनील रोतेला और उज्ज्वल रोतेला को पहले जिला चिकित्सालय रतलाम ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विकास यादव के खिलाफ हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


