Ratlam : 12वीं फेल बनी फर्जी नारकोटिक्स TI, नकदी और सोने-चांदी के जेवर जब्त

Advertisements
Advertisements
Fake Narcotics TI in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। खुद को मंदसौर नारकोटिक्स विभाग की टीआई और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बताकर लोगों को प्रभावित करने वाली शातिर आरोपी सपना ठाकुर को लेकर रतलाम (Ratlam) पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, सपना ठाकुर की शैक्षणिक योग्यता भी उसके बनाए गए कथित पुलिसिया रौब से बिल्कुल अलग है। उसने 11वीं कक्षा कॉमर्स विषय से पास की थी, जबकि 12वीं में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।

फर्जी नारकोटिक्स टीआई बनकर कथित तौर पर ठगी करने वाली शातिर सपना ठाकुर का पुलिस रिमांड पूरा हो चुका है। इसके बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसके मोहन नगर स्थित घर की तलाशी ली, जहां से 1 लाख 9 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि में सामने आया कि उसका बाजना निवासी युवक से विवाह हुआ था और अभी तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है। इसके अलावा आरोपी सपना ठाकुर की दो बच्चियां 11 वर्ष और 6 माह की है। 

4.75 करोड़ की ठगी के आरोप से आई चर्चा में

आरोपी सपना ठाकुर उस समय चर्चा में आई, जब रतलाम (Ratlam) के तेजानगर निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर रूपेश चपरोट ने उसके खिलाफ करीब 4.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, सपना ने खुद को मंदसौर नारकोटिक्स विभाग की टीआई और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बताकर रूपेश को प्रभावित किया। आरोप है कि उसने हुंडी कारोबार में फंसी रकम वापस दिलाने का भरोसा दिलाकर उससे बड़ी रकम ली। पुलिस अब इस पूरे मामले में लेन-देन और आरोपी के संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के सामने बड़ा सवाल—कौन दे रहा था पर्दे के पीछे से शह?

सपना ठाकुर के खिलाफ सामने आ रही शिकायतों के बीच पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह लंबे समय तक पुलिस अधिकारी का कथित रौब कैसे दिखाती रही और क्या उसे किसी व्यक्ति विशेष का संरक्षण या सहयोग प्राप्त था ? पुलिस उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी महिला के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और क्या इन लोगों ने कथित ठगी में उसकी किसी तरह मदद की।

लाइसेंस के लिए 50 हजार ठगने का आरोप

रतलाम शहर के त्रिपोलिया गेट निवासी अक्षय टांक ने भी सपना ठाकुर के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2022 में सपना यादव उर्फ सपना ठाकुर ने खाद-बीज की दुकान का लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि न तो लाइसेंस बनवाया गया और न ही रकम वापस की गई। माणकचौक थाना पुलिस ने इस शिकायत को पहले से दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जांच में शामिल कर लिया है।

सपना ठाकुर के खिलाफ सामने आई प्रमुख शिकायतें

1. माणकचौक थाना:
प्रॉपर्टी ब्रोकर रूपेश चपरोट ने करीब 4.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिकायत में उनके जीजा कमल मल्लहार से सेटलमेंट कराने के नाम पर लिए गए 15 लाख रुपये का भी उल्लेख है।

2. औद्योगिक क्षेत्र थाना:
मुखर्जीनगर निवासी गीताबाई ने लोन दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये और मंगलसूत्र लेने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है।

3. औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना:
बरगढ़ निवासी रोहित मालवीय ने मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.70 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार नौकरी नहीं लगवाई गई और रकम भी वापस नहीं की गई।

4. धार जिले का मामला:
कोद निवासी दयाराम परमार ने 4.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने पहले माणकचौक थाने में आवेदन दिया, जिसके बाद संबंधित थाना क्षेत्र में शिकायत करने को कहा गया और उन्होंने कानवन थाने में आवेदन दिया।

पहले से भी दर्ज हैं धोखाधड़ी के मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सपना ठाकुर उर्फ संजू यादव के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं।

1) मार्च 2021:
मंदसौर जिले के धुंधड़का निवासी चंद्रपाल सिंह सिसौदिया ने मेडिकल कॉलेज में किराए पर एम्बुलेंस लगाने के नाम पर 11.91 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इस मामले में वह जेल भी जा चुकी है और बाद में जमानत पर बाहर आई।

2) मार्च 2024:
रतलाम निवासी शशांक नीलकंठ ने पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

पूछताछ में नहीं कर रही आरोपी सहयोग

आरोपी सपना ठाकुर का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उसे जेल भेज दिया है। उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। आरोपी महिला काफी शातिर है और पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है। – शांतिलाल चौहान, सब-इंस्पेक्टर – माणकचौक थाना (रतलाम-मप्र) 

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!