Sailana : हमला और तोड़फोड़ का मामला, पांच बदमाश गिरफ्तार

- व्यापारी महासंघ ने किया नगर बंद का आह्वान

Advertisements
Advertisements
Sailana

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। सैलाना (sailana) नगर के सदर बाजार में जूते-चप्पल के भाव को लेकर हिंसक विवाद में अब व्यापारी वर्ग आक्रोशित है। कुछ बदमाश लकड़ियां लेकर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार, उसके भाई तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट कर दुकान में तोड़फोड़ की। घटना में दुकानदार के भाई के सिर पर लकड़ी से वार किए जाने से उन्हें चोट आई। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फरियादी की शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ियां भी बरामद की हैं।

घटना के बाद सैलाना के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापारी महासंघ ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नगर बंद का आह्वान किया है। व्यापारियों की मांग है कि मामले में जानलेवा हमले से संबंधित धारा भी जोड़ी जाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाव-ताव से शुरू हुआ था विवाद

फरियादी ताहेर बोहरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सांसर निवासी विदेसिंग निनामा उनकी दुकान पर चप्पल खरीदने आया था। चप्पलों के भाव पसंद नहीं आने पर वह बिना खरीदारी किए लौट गया। शिकायत के अनुसार, शाम करीब 6 बजे विदेसिंग दोबारा दुकान पर पहुंचा और बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगा। भाव-ताव को लेकर विवाद बढ़ने पर उसने दुकानदार को धमकाया और अपने साथियों राहुल तथा कपिल को बुलाने की बात कही।

लकड़ियां लेकर पहुंचे सभी बदमाश

ताहेर बोहरा के मुताबिक, करीब 20 मिनट बाद विदेसिंग अपने साथ आम्बाकुड़ी निवासी राहुल निनामा, इंदावल खुर्द निवासी कपिल निनामा और अन्य लोगों को लेकर दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उनके हाथों में लकड़ियां थीं और आते ही उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। फरियादी ने आरोप लगाया कि विदेसिंग ने लकड़ी से हमला कर उनके दाहिने हाथ की कोहनी के पास चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए उनके भाई मुफ्फदल के सिर पर राहुल ने लकड़ी से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। वहीं, पड़ोसी बुरहान के बाएं हाथ पर कपिल द्वारा लकड़ी से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान में भी लकड़ियों से तोड़फोड़ की। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय हमलावरों ने भविष्य में जूते-चप्पल के भाव को लेकर विवाद करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी फैलते ही व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी।

पुलिस की कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने फरियादी की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मारपीट में इस्तेमाल की गई लकड़ियां भी बरामद की गई हैं। आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

जानलेवा हमले की धारा जोड़ने की मांग, बंद का आह्वान

दुकानदार के भाई के सिर पर चोट लगने के मामले को लेकर व्यापारी महासंघ ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। व्यापारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले से संबंधित धारा भी जोड़ी जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर महासंघ ने सैलाना बंद का आह्वान किया है।व्यापारियों का कहना है कि बाजार में इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मेडिकल रिपोर्ट पर बढ़ सकती हैं धाराएं 

सैलाना थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण में धाराएं बढ़ाने के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!