


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के समीपस्थ धामनोद में गौसेवा और मानवता की मिसाल पेश करने वाला सराहनीय मामला सामने आया। साईं मंदिर क्षेत्र के समीप एक गहरे कुएं में गर्भवती गौमाता फिसल गईं। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल खण्ड धामनोद के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे और गौमाता को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब पांच घंटे तक चले अथक प्रयासों के बाद क्रेन की सहायता से गौमाता को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
गहरा और कच्चा कुआं बना चुनौती
जानकारी के अनुसार, गौमाता गेंदालाल जी निनामा की थीं और गर्भवती थीं। जिस कुएं में वे गिरी थीं, वह काफी गहरा और कच्चा था। कुएं में पानी नहीं होने के बावजूद उसकी गहराई और बनावट के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रस्सियों के सहारे शुरू किया रेस्क्यू अभियान
गौमाता को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कार्यकर्ता कुएं में उतरे और रस्सियों की मदद से उन्हें सावधानीपूर्वक बांधकर बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। साथ ही धामनोद के पशु चिकित्सक डॉ. रूपचंद डोडियार को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, ताकि रेस्क्यू के बाद गौमाता को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
निःशुल्क उपलब्ध कराई क्रेन सेवा
गौमाता को कुएं से बाहर निकालने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने क्रेन मालिक आयुष पाटीदार से संपर्क किया। उन्होंने गौसेवा के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए बिना किसी शुल्क के क्रेन उपलब्ध कराई और स्वयं क्रेन लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से कार्यकर्ताओं ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान जारी रखा। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत, सामूहिक प्रयास और सूझबूझ के बाद आखिरकार गर्भवती गौमाता को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालने में सफलता मिली।
पशु चिकित्सक ने किया उपचार
गौमाता को बाहर निकालते ही पशु चिकित्सक डॉ. रूपचंद डोडियार ने उनका उपचार किया। राहत की बात यह रही कि गौमाता सुरक्षित हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस सफल रेस्क्यू से कार्यकर्ताओं और गौमाता के मालिक ने राहत की सांस ली।
गौसेवा में कार्यकर्ताओं और समाजजनों का सराहनीय योगदान
इस सेवा कार्य में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल रतलाम विभाग एवं खण्ड धामनोद के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समस्त हिंदू समाजजनों का सराहनीय सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से एक गर्भवती गौमाता की जान बचाई जा सकी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


