

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आरोपियों ने हिस्ट्रीशीटर रितेश मईडा की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी और वारदात के बाद पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके शव को कार की डिक्की में रख लिया। इसके बाद आरोपी पूरी रात शव को रतलाम से मंदसौर फोरलेन पर कार में रखकर घुमाते रहे। आखिरकार जामण क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर शव फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और तीन नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



रतलाम एसपी अमित कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 6 नवंबर की शाम करीब 5 बजे दीनदयाल नगर थाना पुलिस को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान रितेश पिता शंभू मईडा निवासी दीनदयाल नगर (रतलाम) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से कई वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जन्मदिन की पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस की जांच पर पता चला कि 5 नवंबर 2026 की रात रितेश स्टेशन रोड क्षेत्र में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। यहां उसका सौरभ वर्मा, अमन बाबा, विकास मेघवाल उर्फ जग्गू, समीर लाला, सूजल जैन सहित अन्य युवकों से विवाद हो गया था। बताया गया कि आरोपियों और मृतक के बीच पिछले महीने से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद ने बाद में खूनी रूप ले लिया।
आरोपी रितेश को ले गए थे ईंट भट्टे पर
जांच में सामने आया कि पार्टी के बाद आरोपी रितेश को शराब पिलाने के बहाने विरियाखेड़ी स्थित ईंट भट्टे पर ले गए। यहां पुराना विवाद फिर उभर आया और आरोपियों ने रितेश पर हमला कर दिया। मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और एक नाबालिग ने चाकू से उसके गले, पेट और पीठ पर एक के बाद एक कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण रितेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
डिक्की में शव रख पूरी रात घूमाते रहे आरोपी
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात के सबूत मिटाने की साजिश रची। फरार आरोपी विपिन द्वारा लाई गई ब्लैक कलर की वेन्यू कार की डिक्की में रितेश का शव छिपा दिया गया। इसके बाद आरोपी पूरी रात शव को कार में रखकर अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे। बाद में वे शव को जामण क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले गए और वहां फेंककर फरार हो गए।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की मुख्य वजह पिछले महीने हुआ विवाद था, जिसे लेकर पहले भी मामला दर्ज हो चुका था। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुराग यादव की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। प्रकरण में मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और तीन विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं अमन बाबा, विकास मेघवाल उर्फ जग्गू, समीर लाला, सूजल जैन, विपिन सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



