

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा में होटल के कमरे में मृत मिले 28 वर्षीय युवक रवि पंवार का मौत से पहले भेजा गया आखिरी मैसेज सामने आया है। रवि ने समाज के वॉट्सऐप ग्रुप में अंग्रेजी में मैसेज भेजकर अपनी मौत के लिए गर्लफ्रेंड और उसके परिवार को जिम्मेदार बताया। मैसेज में उसने चार साल से प्रेम संबंध होने, शादी का वादा करने और बाद में शादी से इनकार करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मैसेज के अंत में रवि ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा- ‘सॉरी मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना।’ उसने परिवार से यह भी कहा कि उसके जाने के बाद कोई कार्यक्रम, पूजा-पाठ या कथा नहीं कराना। यदि उसके लिए कुछ करना चाहते हैं तो कुत्तों को रोटियां खिला देना। मैं उसी में रहूंगा। इस मैसेज के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
होटल में कमरा बुक कर रुका था रवि
मृतक रवि पिता कन्हैयालाल पंवार रतलाम के मामटखेड़ा का निवासी था। वह एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे से वह लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मोबाइल लोकेशन जावरा में हाईवे किनारे स्थित पटेल होटल के आसपास मिलने पर परिवार के लोग वहां पहुंचे थे।
होटल के बाहर खड़ी थी बाइक
पूछताछ में पता चला कि उसने शाम करीब 4.30 बजे होटल में कमरा बुक कराया था। परिजन और पुलिस जब कमरे के बाहर पहुंचे तो आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खुलवाने पर रवि का शव कमरे में पड़ा मिला। रविवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना के बाद शव सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
गर्लफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप
रवि ने मौत से पहले धनगर समाज के वॉट्सऐप ग्रुप में अंग्रेजी में लंबा मैसेज भेजा था। इसमें उसने अपनी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। मैसेज के साथ उसने युवती की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए थे। बाद में ये फोटो और वीडियो ग्रुप से डिलीट कर दिए गए, लेकिन तब तक कुछ लोगों तक पहुंच चुके थे। मैसेज अंग्रेजी में टाइप किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि रवि ने बोलकर इसे टाइप किया था। पुलिस ने मैसेज को जांच का हिस्सा बनाया है।
भरोसा देकर युवती ने बनाए थे संबंध
रवि ने मैसेज में जावरा की एक युवती के साथ करीब चार साल से प्रेम संबंध होने की बात लिखी। उसका दावा था कि युवती ने उससे शादी करने का वादा किया था। दोनों साथ जिंदगी बिताने और परिवार बसाने की बातें भी करते थे। रवि के मुताबिक, युवती ने भरोसा दिलाया था कि परिवार के लोग शादी के लिए तैयार नहीं हुए तो दोनों भागकर शादी कर लेंगे। उसने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर युवती ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। रवि ने यह भी लिखा कि युवती की शादी रतलाम में कमलेश नाम के युवक से होने वाली है।
मौत से दो दिन पहले थाने में शिकायत कराने का भी जिक्र
रवि ने अपने आखिरी मैसेज में दावा किया कि युवती ने मौत से दो दिन पहले जावरा सिटी थाने में उसके खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में उसे परेशान करने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए गए थे। रवि ने मैसेज में युवती के भाई और जावरा के अजय नाम के व्यक्ति का भी जिक्र किया। उसका आरोप था कि युवती ने रिश्ते के बारे में किसी को बताने पर अपने भाई से मरवा देने की धमकी दी थी। उसने युवती के भाई पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। हालांकि, ये सभी बातें फिलहाल रवि के आखिरी मैसेज में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच में पुष्टि होना बाकी है।
माता-पिता, बहन और भाई को किया याद
आखिरी मैसेज में रवि ने अपने परिवार के सदस्यों को याद करते हुए माता-पिता से माफी मांगी। उसने लिखा कि उसकी वजह से परिवार को परेशानी होगी। उसने माता-पिता से कहा कि उसके जाने के बाद कोई कार्यक्रम, पूजा-पाठ या कथा नहीं कराना। मैसेज में उसने लिखा कि यदि उसके लिए कुछ करना चाहते हैं तो कुत्तों को रोटियां खिला देना। उसने अपनी बहन और भाई को भी याद किया। मैसेज के आखिर में लिखा- ‘सॉरी पापा, मम्मी, सिस्टर (गुगली), मिस यू ब्रदर।’
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
जावरा सिटी थाना प्रभारी मनोज कटारिया के मुताबिक, युवक ने मौत से पहले समाज के वॉट्सऐप ग्रुप में मैसेज भेजा था। इसमें युवती और उसके परिवार के लोगों के नाम लिखे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मैसेज में लगाए गए आरोपों और उनसे जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



