20.6 C
Ratlām

धर्ममय होगा रतलाम : मकर संक्रांति पर्व पर होगा 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, सनातनी संस्कार की जगाई जाएगी अलख

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
रतलाम शहर सदा से अपनी धार्मिक गतिविधियों एवं भावनाओं से ओतप्रोत रहता आया है। इस बार पुनः एक ऐसा अवसर आया है जिससे रतलाम शहर नववर्ष में धर्ममय होगा। आगामी 12 से 15 जनवरी 2023 की तिथियों में मकर संक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा शहर में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रतलाम शहर के मध्य स्थित राजीव गाँधी सिविक सेंटर प्रांगण, काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास बनाए जाने वाले यज्ञस्थल पर आयोजित किया जाएगा। गायत्री महायज्ञ की तैयारियों शुरू हो गई है। गायत्री परिवार के सदस्यों ने आयोजन स्थल पर श्रमदान कर यज्ञशाला के प्रत्येक खंड के चारों तरफ क्यारियां बनाकर ज्वारे बोए गए।


कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजनों की टोली द्वारा गायत्री यज्ञ एवं विभिन्न संस्कार सम्पन्न करवाए जाएंगे। इसके साथ ही नारी सम्मेलन एवं नारी शक्ति सम्मान, युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान, सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्मगुरूओं का सम्मान तथा समाज के अग्रजो के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अनूठे यज्ञीय आयोजन में यज्ञ में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। गायत्री परिवार जनमानस में सनातन संस्कार पद्धति के पुनर्जीवन के लिए निरंतर समर्पित भाव से प्रयासरत है। इसी क्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष पुंसवन संस्कार के साथ शिशुओं के लिए नामकरण, अन्नप्राशन, मुण्डन, विद्यारम्भ तथा यज्ञोपवित (जनेऊ) संस्कार तथा गुरु दीक्षा, जन्म दिवस, विवाह दिवस आदि संस्कार भी निःशुल्क सम्पन्न करवाए जाएंगे। 13 से 15 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः यज्ञ के समय विभिन्न संस्कार निःशुल्क सम्पन्न करवाए जाएंगे। यज्ञ में भाग लेने एवं संस्कार के लिए गायत्री परिवार के परिजनों से सम्पर्क करके पूर्व पंजीयन कराना होगा।

कार्यक्रम स्थल पर गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित 3000 से अधिक युगसाहित्य में से चयनित पुस्तको के निःशुल्क वितरण के साथ साथ अन्य पुस्तको के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही संगीता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ के परिवार द्वारा गायत्री मंत्र से अभिमंत्रित सिद्ध रुद्राक्ष, गंगाजल, गुरुगीता, गायत्री चालीसा, श्रीमद भागवत गीता एवं पूज्य गुरुदेव रचित पुस्तक ‘सुनसान के सहचर’ एवं ‘हमारी वसीयत और विरासत’ का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर परिवार द्वारा संग्रहित 108 धार्मिक स्थलों के जल, रज (मिट्टी), विभिन्न नदियों के जल एवं अभिमंत्रित पूजित बालगोपाल के दिव्य दर्शन, अनुष्ठित एवं देवपूजित दिव्य कलश विशेष रूप से दर्शनार्थ रहेंगे। इसके अतिरिक्त 24- 24 हजार के 24 महापुरश्चरण साधना सम्पन्न होने की महापूर्णाहूति की जाएगी।

यह होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम का शुभारंभ 12 जनवरी 2023 को दोप. 2 बजे कालिका मंदिर प्रांगण से विराट कलश यात्रा के रूप में होगा। इस मंगल कलश यात्रा का समापन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ कार्यक्रम स्थल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास, राजीव गांधी सिविक सेंटर प्राँगण, रतलाम पर होगा। कलश पूजन के पश्चात गायत्री परिवार द्वारा घोषित नारी सशक्तिकरण वर्ष के अंतर्गत नारी जागरण सम्मेलन तथा नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 13 जनवरी 2023 को प्रातः 8 बजे देव आह्वान एवं देवपूजन के माध्यम से 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का प्रारम्भ होगा। दोप. 2 बजे से शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजन द्वारा पूज्य गुरुदेव रचित प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा। शाम 5 बजे युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया जाएगा। 14 जनवरी 2023 को प्रातः 8 बजे गायत्री महायज्ञ एवं दोपहर 2 बजे प्रज्ञा पुराण कथा तथा सांय 5 बजे विराट दीप महायज्ञ के साथ सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्मगुरुओं का सम्मान किया जाएगा। अंतिम दिन 15 जनवरी 2023 को प्रातः 8 बजे से गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं आहवाहित देवताओं के विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समापन के अवसर समाज के अग्रजो का सम्मान किया जाएगा।

मेघनगर से आए गायत्री परिजन
24 कुण्डीय यज्ञशाला बनाने के लिए झाबुआ जिले के मेघनगर से विशेष रूप से गायत्री परिवार के बीएल चौहान व मुरलीधर राठौड़ पधारे। इनकी देखरेख में गायत्री परिवार के सदस्यों ने श्रमदान कर जगह का समतीलकरण किया। मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर रतलाम पातीराम शर्मा व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ ने बताया कि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां शुरू हो गई है। 120 बाय 135 फीट में यज्ञ शाला सहित मंच बनेगा। 30 बाय 30 में 24 कुंडीय गायत्री यज्ञशाला निर्माण की शुरूआत हो चुकी है। आयोजन को लेकर शहर के गणमान्यजनों सहित सभी गली-मोहल्लों में भी गायत्री परिवारजन आमंत्रण दे रहे है। श्रमदान के दौरान मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा, प्रकाश प्रभु राठौड़, विवेक चौधरी, एमएम साहू, विजयसिंह चौहान, जयकिरण वर्मा, अजय उपाध्याय, सुरेंद्रसिंह ठाकुर, विकास सैवाल, प्रदीप गुप्ता, लालाशंकर पाटीदार, शिवपाल छत्री, आईपी त्रिवेदी, डॉली साहू, शीतल वर्मा, संगीता राठौड़, ऋतु सैनी, शशि त्रिवेदी, प्रगति गुप्ता, वीणा पाठक, कुसुम चौहान आदि मौजूद रहे।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

KK Sharma
KK Sharmahttp://www.vandematramnews.com
वर्ष - 2005 से निरंतर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 17 वर्ष में सहारा समय, अग्निबाण, सिंघम टाइम्स, नवभारत, राज एक्सप्रेस, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार पत्र और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज में संपादक की भूमिका का दायित्व। वर्तमान में रतलाम प्रेस क्लब में कार्यकारिणी सदस्य। Contact : +91-98270 82998 Email : kkant7382@gmail.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!