रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव – 2023 की उलटी गिनती के साथ प्रत्याशी मैदान में उतरने के लिए कमर कस चुके है। 27 अक्टूबर को रतलाम शहर से कांग्रेस उम्मीदवार पारस सकलेचा और सैलाना में हर्षविजय गेहलोत अपने समर्थकों के साथ रैली निकाल नामांकन फार्म भरेंगे। इधर रतलाम ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण डिंडौर की मुश्किलें खत्म होती नजर नहीं आ रही हैं। कांग्रेस की पूर्व विधायक लक्ष्मीदेवी खराड़ी ने नामांकन भरने को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। खराड़ी के समर्थक शुक्रवार को कांग्रेस के बैनर तले नामांकन फार्म भरने की बात कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस रतलाम ग्रामीण में पुनः नए प्रत्याशी के नाम पर विचार कर रही है।
रतलाम विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सकलेचा 27 अक्टूबर को रैली के साथ नामांकन जमा करने पहुंचेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने बताया कि सकलेचा सुबह 10 बजे बाजना बस स्टैंड चौराहे से रैली के साथ कलेक्टोरेट पहुंचेंगे तथा नामांकन जमा करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, फैयाज मंसूरी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव प्रभु राठौड़, यासमीन शेरानी, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोहेल काजी, गणेश यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर, शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष सैयद वुसत जैदी, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष नितेश शर्मा, सेवादल अध्यक्ष महिप मिश्रा, इंटक अध्यक्ष अरविंद सोनी तथा सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारी ने नागरिकों से नामांकन रैली में शामिल होने का अनुरोध किया है। इधर सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस उम्मीदवार शुक्रवार को समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। विधायक गेहलोत शुक्रवार को रैली से पूर्व स्थानीय खाकी बाबा हनुमान मंदिर पर गणेश मंदिर पर पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद रैली नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई शाबाउमा विद्यालय पहुंचेगी। यहां से गेहलोत अपने समर्थकों के साथ तहसील कार्यालय पहुचेंगे और रिटर्निग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत करेंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


