– डूबे किशोर को तलाश नहीं कर पाने पर ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ हो चुके थे आक्रोशित
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। तालाब में मछली पकड़ने के दौरान रविवार सुबह 11 बजे छोटी नाव पलटने से 2 किशोर डूब गए थे। इनमें से एक को साथी ने बचा लिया था। वहीं दूसरा किशोर तालाब में डूब गया था। लगातार जारी सर्चिंग में सफलता नहीं मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित भी हो उठे थे। गुरुवार सुबह डूबे किशोर का शव मिल गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

ग्राम कमेड़ में रविवार सुबह 10.30 बजे आबिद शाह का बेटा इरफान (15) और गांव का राजू (15) पिता शालीग्राम निनामा छोटी नाव में बैठकर गछली पकड़ने गए थे। साथ में गांव का इमरान उर्फ बबलू (22) पिता सिकंदर भी ट्यूब के सहारे गया था। सुबह 11 बजे किनारे से 250 फीट आगे तालाब में मछली पकड़ने के दौरान छोटी नाव पलट गई। इससे इरफान और राजू तालाब में डूब गए। इमरान ने इरफान को बचा लिया लेकिन राजू डूब गया। एक किमी क्षेत्र में फैले तालाब से मछलियां पकड़ने का ठेका गांव के आबिद शाह ने ले रखा है। मौके पर एसडीएम विवेक सोनकर भी पहुंचे थे। ग्रामीणों के आक्रोश फैलने पर एहतियात बतौर मौके पर पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा था। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया भी था। इसके बाद पिछले पांच दिनों से सर्चिंग लगातार जारी थी। लेकिन सूरज डूबने के बाद किशोर की तलाश में जुटी टीम को मायूसी हाथ लगती थी।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


