रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
मध्यप्रदेश के जावरा शहर पुलिस ने दो महिला तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। डेढ़ लाख रुपए का 60 किलो डोडाचुरा के साथ गिरफ्तार आरोपी महिलाएं गुना जिले की निवासी होने के साथ पारदी समाज की हैं। पुलिस गिरफ्तार दोनों महिला तस्करों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेगी। रिमांड के दौरान ही उजागर होगा की बड़ी मात्रा में महिला तस्कर डोडाचुरा किससे खरीदकर कहां सप्लाय के लिए जा रही थीं।
जावरा शहर पुलिस को शनिवार शाम सूचना मिली की दो महिलाएं बड़ी मात्रा में डोडाचुरा लेकर अन्यंत्र जाएंगी। रात करीब 8 बजे टीआई हरीश जेजुरकर की टीम ने बांडाखाला रेलवे पुलिया के पास से दो महिलाओं को डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम मोहिनी (30) पति राजू पारदी और रिया (20) पति सिंदबाज पारदी निवासी ग्राम खेजरियाचक थाना धरनावदा ( जिला गुना ) बताया है। गिरफ्तार आरोपी महिलाएं कट्टे में डोडाचूरा कुल वजन 60 किलोमग्राम के साथ पकड़ाई है। पकड़े गए मादक पदार्थ की कीमत डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने दोनो महिला आरोपियों के खिलाफ 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। जिले में पिछले कुछ समय से पारदी गिरोह निरंतर सक्रिय बना हुआ है। बता दें कि जावरा सराफा व्यापारी के यहां करोड़ों की चोरी में भी पुलिस को गुना के पारदी गिरोह के बदमाशों का सुराग मिला है। जिनके सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने जारी किए हैं।
![](https://www.vandematramnews.com/wp-content/uploads/2022/10/nEWS-pORTAL.jpg)