– उमंग और उल्लास के साथ मनाया पर्व, देवालयों में सुबह से हुए विभिन्न आयोजन
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। गुरु पूर्णिमा पर रतलाम में शैक्षणिक संस्थानों के अलावा देवालयों में पर्व उमंग और उत्साह पूर्वक मनाया गया। सुबह से संत-महात्माओं के चरण वंदन के लिए आश्रमों पर शिष्यों की भीड़ नजर आई वहीं देवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चना की। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय) में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रविवार को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हांसी शिवानी थी। महाविद्यालय की छात्रा तालेबा खान द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके पश्चात छात्रा महक दसोंदी द्वारा गुरुजनों के सम्मान में गुरू वंदना एवं शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुती दी गई। इधर गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेंकडरी स्कूल में गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आोजन धूमधाम से मनाया गया।


प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय) में दो दिवसीय कार्यक्रम अंतर्गत रविवार को वरिष्ठ गुरुजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ. एसके जोशी, डॉ. सरोज जोशी, डॉ. बीएस शर्मा, डॉ. पीसी पाटीदार, प्रो. पदमा भांभरा एवं डॉ. शकुन्तला जैन को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात प्रथम सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वायके मिश्र द्वारा संस्था के उत्तरोत्तर उन्नयन एवं विकास पर सारगर्भित उद्धबोधन दिया गया। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आमंत्रित अतिथि कैलाश व्यास द्वारा भारतीय संस्कृति में गुरू-शिष्य में प्रगाढ संबंधों को रेखांकित करते हुऐ प्राचीन भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को उल्लेखित किया गया। शिकागों सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद जी के उद्धबोधन का उल्लेख किया गया। प्रथम दिवस के अंतिम वक्ता के रूप में आमंत्रित (पूर्व छात्रा) विनिता ओझा द्वारा वर्तमान परिदृश्य मे शिक्षा में निहित नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए ‘’नैतिक शिक्षा और वर्तमान शिक्षा प्रणाली’’ विषय पर उद्धबोधन दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी ने भी शुभकामनाऐं प्रेषित की। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. इन्दू कटारिया रही। संचालन डॉ. ललिता मरमट नेकिया।
प्राचार्य राठौर ने छात्रों को बताया दिन विशेष का महत्व

रविवार को गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेंकडरी स्कूल में गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आोजन धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय की प्राचार्य सुनीता राठौर द्वारा छात्रों को गुरु पूर्णिमा पर्व का महत्व बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरवस्ती वंदना व गुरु वंदना से की गई। विद्यार्थियों द्वारा श्लोक पाठ एवं काप्य पाठ प्रस्तुत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर माल्यार्पण कर गुरु पूजन किया। इस दौरान संस्था के किशन सिंह, दलीप सिंह, कश्मीर सिंह, तारण सिंह, जोगिंदर सिंह, वीरेंद्र सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे। इस दौरान प्राचार्य राठौर ने सभी शिक्षकों को पौधे वितरित किए। संचालन नीलिमा उपाध्याय ने किया। आभार स्वाति सेठ ने माना।