– रतलाम जिला पुलिस बढ़ती पत्थरबाजी की घटना को लेकर उठा रही सुरक्षा के पुख्ता कदम
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जिले की सीमा में हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रतलाम जिला पुलिस ने अब चौकी स्थापित करने का मन बना लिया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे रतलाम के 6 पुलिस थानों से होकर गुजर रहा है। रतलाम जिला पुलिस ने इसके लिए पांच थाना अंतर्गत चौकी बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे में रतलाम जिले में रिंगनौद, जावरा औद्योगिक थाना, नामली, शिवगढ़ और रावटी थाने को चयनीत किया गया है। दीनदयाल नगर थाना अंतर्गत एटलेन का छोटा हिस्सा होने के कारण इसमें नई पुलिस चौकी को शामिल करने का निर्णय नहीं लिया गया है।

बता दें कि रतलाम जिले की सीमा में एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद अब तक करीब एक दर्जन से अधिक पत्थरबाजी की घटना हो चुकी है। हाल ही में 13 और 14 जुलाई-2024 की दरमियानी रात 12 बजे एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बायड़ी के समीप बदमाशों ने 10-12 वाहनों पर पथराव किया था। इससे एक ट्रॉला व पांच कारों तथा अन्य वाहनों के कांच टूट गए थे। एक वाहन में सवार जितेंद्र (35) पाटीदार निवासी ग्राम अमलेटा घायल हो गया था। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पथराव की जानकारी अन्य वाहन चालकों को लगी तो उन्होंने बायड़ी के पहले ही अपने वाहन रोक दिए थे। जिन लोगों के वाहनों के कांच टूटे थे वे सभी एकत्र हुए और पुलिस व एटलेन संबंधी एजेंसी को सूचना दी थी। इसके साथ ही धामनोद टोल नाके पर पहुंचकर भी जानकारी जुटाकर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई थी।
इसलिए पुलिस को बनाना पड़ रहा प्रस्ताव
मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर जिला मुख्यालय के करीब बदमाश आए दिन पथराव कर उत्पात मचा रहे हैं। पिछले एक वर्ष में करीब एक दर्जन से अधिक जानलेवा वारदात शामिल है। आए दिन होने वाली जानलेवा घटना के कारण संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस क्षेत्र में मुआयना भी करती है और आसपास के ग्रामीणों से चर्चा भी कर रही है। खास बात यह है कि 2.25 रुपए प्रति किमी का टोल वसूलने वाली एजेंसी भी मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर वाहन चालकों और सवारियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है।
पांच माह पूर्व पूर्व विधायक के वाहन पर पथराव
मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर संसदीय क्षेत्र चुनाव से पूर्व रावटी थाना क्षेत्र के पास माही नदी की पुलिया व झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में रात के समय कई बार वाहनों पर पथराव की घटनाएं हुई थी। 1 फरवरी – 2024 की रात भाजपा के पूर्व विधायक दिलीप मकवाना झाबुआ जिले के मेघनगर से रतलाम आ रहे थे। माही नदी की पुलिया के पास सडक़ किनारे से अज्ञात लोगों ने उनके स्कार्पियों वाहन पर पथराव कर दिया था। इससे वाहन के आगे का कांच टूट गया था। वाहन चालक तेजी से वहां से वाहन निकालकर लाया था। जावरा के भाजपा नेता प्रदीप चौधरी की कार पर भी पथराव हुआ था। इसके अलावा कई वाहनों पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं।
एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा है जरूरी
रतलाम जिले के छह थानों से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। रतलाम जिले के रिंगनौद, जावरा औद्योगिक थाना, नामली, शिवगढ़ और रावटी थाना अंतर्गत एक्सप्रेस-वे पर पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। उक्त प्रस्ताव को जल्द ही शासन की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। – राहुल कुमार लोढ़ा, एसपी-रतलाम (मध्य प्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


