– यूपीएससी – 2022 में शशांक ने हासिल की 727 रैंक
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी-2022 परीक्षा में रतलाम के 27 वर्षीय शशांक कुमार ने 727 रैंक हासिल की है। चौथी बार में प्रयास करने के बाद यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले शशांक रतलाम के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के छात्र रहे हैं। विज्ञान गणित विषय के विद्यार्थी शशांक ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जबलपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीइ की डिग्री हासिल की तथा यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी के लिए 1 साल के लिए दिल्ली चले गए। दिल्ली से कोचिंग के बाद उन्होंने घर पर रहकर ही पढ़ाई कर उपलब्धि हासिल की।
शशांक ने वंदेमातरम् न्यूज से विशेष चर्चा कर बताया कि वह प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे। किताबों तथा गूगल के माध्यम से वह परीक्षा की तैयारी में लगे रहते थे। समाचार पत्रों का नियमित अध्ययन करते थे। उनकी सफलता में माता-पिता, दादा-दादी, मामा-मामी सहित गुरुजनों का सहयोग रहा है। दोस्तों ने भी उनका लगातार उत्साह बढ़ाया जिससे वे सफलता हासिल कर सके। पढ़ाई के दौरान उन्होंने जबलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व भी किया है। फिल्में केवल समय व्यतीत करने के लिए देखते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को सफलता हासिल करनी है तो प्रयत्न करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। शशांक की सफलता पर परिजनों में उत्साह का माहौल है। शशांक को क्रिकेट भी काफी पसंद है।
कोई ताकत नहीं रोक सकती सफल होने से
शशांक का कहना है कि व्यक्ति को सफलता प्राप्त करना है तो लगाता प्रयास करना होंगे। असफल होने पर निराश नहीं होंगे तो दुनिया की कोई ताकत सफल होने से नहीं रोक सकती। उन्होंने बताया वे व्यक्ति विशेष को पसंद नहीं करते हैं किंतु व्यक्तियों की खूबियों को पसंद करते हैं। रतलाम के इंदिरा नगर निवासी शशांक कुमार के पिता हरेंद्र प्रसाद यादव रतलाम रेल मंडल में एइएन के पद पर कार्यरत हैं वही माता रीमा कुमारी हाउसवाइफ है। बड़ी बहन पूजा यादव जज परीक्षा की तैयारी कर रही है और छोटी बहन लता यादव एमबीए की छात्रा है।