– आधी रात को खबर फैलने से गांव व आसपास के क्षेत्रों में मच गया हड़कंप
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लसुडिया नाथी से बीती रात घर में मां के पास सो रही करीब 10 माह की बच्ची तन्नू लापता हो गई। खबर फैलने से गांव व आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। सुबह मौके पर रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढ़ा भी पहुंचे। इधर रतलाम से डॉग स्क्वॉड भी जांच के लिए पहुंचा। खबर लिखे जाने तक बच्ची की तलाश जारी है। पुलिस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।

लापता तन्नू के पिता मुकेश उर्फ राकेश खारोल निवासी ग्राम उपरवाड़ा के अनुसार वह रात करीब दो से ढाई बजे अपने घर पर सो रहे थे। तभी उनके ससुराल से फोन आया कि बच्ची तन्नू को कोई घर में घुसकर उठाकर ले गया है। इसके बाद वे आपने ससुराल लसुडिया नाथी पहुंचे तथा पत्नी प्रेमा व साले कारूलाल से घटना की जानकारी ली। उनके अनुसार उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के साथ मायके ही रह रही है। प्रेमा ने बताया कि वह शनिवार रात में बेटी तन्नू के साथ किचन के पास वाले कमरे में सो रही थी। उनके अनुसार रात 11 से 12 बजे के बीच नींद खुली तो पास में बेटी तन्नू दिखाई नहीं दी। अंदर से दरवाजा बंद था। खिड़की खुली हुई थी। कोई खिड़की से कमरे में आकर बेटी को ले गया। टीआई नीलम चोंगड के अनुसार बालिका की तलाश जारी है।
सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मामले की गंभीरता पर सर्किल के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी लेकर बालिका की तलाश प्रारंभ की। इधर रविवार सुबह एसपी लोढ़ा ने भी गांव में पहुंचकर जांच कर बालिका के खोजबीन को लेकर निर्देश जारी किए। रतलाम से डॉग स्क्वाॅड भी गांव भेज गया। डॉग घटना स्थल के पास घूमता रहा तथा कुछ देर बाद वहां से दौड़ता हुआ ग्राम चिकलाना स्थित एक घर के पास पहुंचकर रुक गया। वहां से पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा बालिका के परिजन की शंका पर एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


