– रतलाम प्रवास के दौरान वंदेमातरम् न्यूज से विशेष चर्चा में केंद्रीय महामंत्री ने और क्या- क्या कहा, पढ़े विस्तृत खबर
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम के युवाओं को अवैध नशे के दलदल में फंसाने वाले वर्ग विशेष के लोगों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का शीर्ष नेतृत्व भी चिंतित है। रतलाम प्रवास पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने वंदेमातरम् न्यूज से विशेष चर्चा की। इस दौरान रतलाम सहित आसपास के जिलों में तेजी से फैल रहे अवैध मादक पदार्थ एमडी के व्यापार के सवाल पर चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर सदस्यों से चर्चा के दौरान यह मामला संज्ञान में आया है, जो कि परिषद की अन्य चुनौतियों में एक चुनौती केमिकलयुक्त एमडी अवैध नशे का कारोबार है। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जल्द ही सख्त कदम उठाने जा रही है और सरकार से चर्चा कर कानूनी रूप से ऐसे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाएगा।

बांसवाड़ा (राजस्थान) से रतलाम पहुंचे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा के साथ प्रांत मंत्री विनोद शर्मा और प्रांत सहमंत्री दिलीप जैन भी मौजूद थे। सागोद रोड स्थित जेएमडी पैलेस में चर्चा के दौरान हाथरस घटना में कोट-पेंट पहनने वाले कथित बाबा की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके लिए हिंदू संत समाज के साथ विश्व हिंदू परिषद सनातन धर्म में प्रबोधन (जागरण) अभियान चलाएगी। आस्था के नाम पर भोली-भाली जनता से धोखेबाजी करने वाले ऐसे कथित बाबाओं के प्रति सजग रहने के लिए कार्य किया जाएगा। लव-जिहाद के सवाल पर विहिप के केंद्रीय महामंत्री ने कहा कि सनातन धर्म की बालिकाओं का शोषण किया जाना निंदनीय है। पांच वर्ष पूर्व लव-जिहाद सनातन धर्म के सामने चुनौती नहीं थी। एक वर्ग विशेष ने भोली-भाली युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनके साथ निकाह करना धोखेबाजी है। इसको लेकर दुर्गा वाहिनी भी जमीनीस्तर पर कार्य कर रही है। धर्मातंरण के सवाल पर केंद्रीय महामंत्री बागड़ा ने कहा कि यह भी समाज की मुख्यधारा से जुड़ी एक गंभीर चुनौती है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ऐसे प्रलोभन देकर निर्धन और निम्न तपके के लोगों का धर्मांतरण करने वालों को चिह्ंित कर कानूनी कार्रवाई करवाती है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के देशभर में 5100 सेवा प्रकल्प संचालित है। इसमें वृद्धाश्रम, गोशाला, स्वास्थ्य सेवाएं सहित तमाम सामाजिक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान विभाग सहमंत्री पवन बंजारा, विभाग संयोजक वीनू शर्मा, जिलाध्यक्ष दीपक व्यास, जिलामंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, सहसंयोजक आशु टांक सहित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रांत सहित जिलास्तर के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


