


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में छह दिन पहले हुई भीमा की नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ललिता ने अपने प्रेमी राकेश और उसके साथी भूरा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के दौरान ललिता ने सोते हुए पति भीमा पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया, जबकि प्रेमी राकेश ने उसके पैर पकड़ रखे थे। तीसरा आरोपी भूरा घर के बाहर निगरानी कर रहा था।
हत्या के बाद तीनों ने वारदात के सबूत मिटाने की कोशिश की। शव को रात में घर से निकालकर नजदीकी नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर करीब दो लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
पत्नी के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक भीमा की पत्नी ललिता के आरोपी राकेश से प्रेम संबंध थे। करीब एक माह पहले भीमा को पत्नी और राकेश के संबंधों की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद ललिता और राकेश ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने रक्षाबंधन से पहले ही भीमा की हत्या का षड्यंत्र रच लिया था, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल सका। एक बार भीमा को जंगल ले जाकर हत्या करने की साजिश भी बनाई गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई।
2 सितंबर को सामने आया हत्या का मामला
2 सितंबर 2026 को सरवन थाना क्षेत्र की बेंडदा चौकी अंतर्गत ग्राम बोरदा में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान भीमा के रूप में हुई। इसके बाद सरवन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी ललिता की भूमिका संदिग्ध लगी। शव मिलने के दौरान वह मौजूद थी, लेकिन इसके बाद अचानक फरार हो गई। पत्नी के लापता होने से पुलिस का शक उस पर गहराया। पुलिस ने लगातार दो दिनों तक तलाश करने के बाद आरोपी पत्नी ललिता को ग्राम गुडभैली के एक खेत से हिरासत में लिया।
सोते समय पत्नी ने कुल्हाड़ी से किया हमला
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने घर में ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, जब भीमा घर में सो रहा था, तब उसकी पत्नी ललिता ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला किया। इस दौरान उसका प्रेमी राकेश भी मौके पर मौजूद था और उसने भीमा के पैर पकड़ रखे थे, ताकि वह विरोध न कर सके। वहीं, तीसरा आरोपी भूरा घर के बाहर निगरानी करता रहा, जिससे किसी के आने-जाने की जानकारी मिल सके और वारदात के दौरान कोई वहां न पहुंच पाए।
शव बकरियां बांधने वाले कमरे में रखा, खून के निशान गोबर से मिटाए
हत्या के बाद आरोपियों ने भीमा के शव को पहले घर के उस कमरे में रखा, जहां बकरियां बांधी जाती थीं। पुलिस के अनुसार, वारदात के सबूत मिटाने के लिए घर में गिरे खून के निशानों को गोबर से लीप दिया गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे आरोपी राकेश और भूरा दोबारा भीमा के घर पहुंचे। दोनों ने शव को घर से बाहर निकाला और पास के नाले में ले जाकर फेंक दिया था।
करीब दो लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का चांदी का कड़ा, सोने की बाली, चांदी की पैर की कड़ियां, एयरटेल सिम, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े तथा दो आरोपियों के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


