21.8 C
Ratlām

रतलाम में कांग्रेस का प्रदर्शन : निगम गेट पर जड़ा ताला, महापौर का फूंका पुतला 

- निगम में दो घंटे तक अफसर-कर्मचारी रहे ‘कैद’, भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम नगर निगम में गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा एमआईसी पर भेदभाव और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने निगम गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान महापौर का पुतला फूंका गया और पुलिस ने वाटर केनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की। लगभग दो घंटे तक निगम अधिकारी और कर्मचारी गेट के भीतर ही फंसे रहे।

IMG 20250918 WA0079

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी एक भैंस लेकर रतलाम निगम कार्यालय पहुंचे थे। प्रशासन ने तुरंत भैंस को हटवा दिया, जिस पर कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। गेट पर ताला खोलने को लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच लंबे समय तक खींचतान चलती रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रतलाम नगर निगम भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है। निर्माण कार्य और खरीदी में बिना निविदा प्रक्रिया पूरी किए ठेकेदारों को भुगतान किया जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 50 प्रतिशत तक कमीशन वसूला जा रहा है। नामांतरण के मामलों में भी अवैध वसूली की जा रही है और महीनों तक फाइलें रोकी जाती हैं। कांग्रेस ने सभी निर्माण और खरीदी की जांच की मांग की।

अवैध वसूली और स्पॉट फाइन पर भी सवाल

युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट ने कहा कि शहर में फूटपात पर विक्रेताओ से अवैध वसूली की जा रही है। स्पॉट फाइन के नाम पर रसीद काटकर रंगदारी टैक्स वसूला जा रहा है। भोपाल आयुक्त द्वारा इसे अवैध घोषित करने के बाद भी यह वसूली बंद नहीं हुई है। कांग्रेस ने आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस वार्डों में भेदभाव का आरोप

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री यास्मीन शैरानी ने कहा कि महापौर कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में भेदभाव कर रहे हैं। भाजपा पार्षदों के वार्ड की तुलना में कांग्रेस वार्डों में महज 10 प्रतिशत राशि भी नहीं लगाई जा रही। यहां तक कि ठेकेदारों को कांग्रेस वार्डों में काम करने से भी रोका जा रहा है।

दो घंटे बाद खुला गेट, सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

लगभग दो घंटे तक गेट बंद रहने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ताला खोला गया। इस दौरान कमिश्नर अनिल भाना पहुंचे और कांग्रेस नेताओं ने उन्हें 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, यास्मीन शैरानी, राजीव रावत, पार्षद आशा रावत, भावना पैमाल, शैलेंद्रसिंह अठाना, बसंत पंड्या, इक्का बैलूत, हितेश पैमाल, सुहेल काजी सहित अन्य कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे।

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page