रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के गांव भीमपुरा में एक महिला की नृशंस हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात बदमाशों ने पहले महिला के सिर पर हथियार से हमला किया और फिर छत से नीचे फेंक दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह सामने आई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रावटी क्षेत्र में लगातार हो रही गंभीर वारदात से स्पष्ट है कि यहां पर आमजन की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद नहीं है।
मृतका की पहचान नानी बाई (48) पति कैलाश भूरिया के रूप में हुई है। घटना बुधवार रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। महिला अपने पोते और पोतियों के साथ घर की छत पर सो रही थी। तभी अज्ञात दो हमलावर घर के गलियारे से छत पर पहुंचे और महिला पर हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला की दाहिनी कनपटी पर धारदार हथियार से वार किया और इसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
10 साल की पोती पर भी हमला
घटना के दौरान बदमाशों ने साथ सो रही मृतका की 10 साल की पोती लक्ष्मी का भी गला दबाने की कोशिश की। हालांकि बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर पास के खेत में छिप गई और उसकी जान बच गई।
सुबह सामने आई घटना की जानकारी
गुरुवार सुबह लक्ष्मी ने पास ही रहने वाली धन्नाबाई (मृतका की जेठानी) को पूरी घटना बताई। धन्नाबाई ने गांव के हरिनारायण को जानकारी दी, जिसके बाद सरपंच लालसिंह भूरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला का शव घर के नीचे पड़ा हुआ है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची
सूचना मिलने पर रतलाम से एएसपी राकेश खाखा, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


