रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मानव सेवा और संवेदना की मिशाल पेश करने वाली स्पंदन संस्था इस वर्ष भी अपने वार्षिक संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। संस्था का लोकप्रिय कार्यक्रम “अंखियों के झरोखों से” आज (रविवार, 26 अक्टूबर) शाम स्थानीय गुजराती स्कूल, न्यू रोड पर आयोजित होगा।
इस वर्ष का आयोजन राष्ट्रीय दृष्टिहीन फुटबॉल खिलाड़ियों तथा जन चेतना परिषद मूक-बधिर स्कूल के बच्चों के सहायतार्थ रखा गया है। कार्यक्रम से प्राप्त समस्त राशि इन दोनों संस्थाओं को प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में स्पंदन संस्था के कलाकारों द्वारा भावपूर्ण एवं मनोरंजक संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संगीत और संवेदना के इस संगम में दर्शकों को एक नई अनुभूति प्राप्त होगी। स्पंदन संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अचल शुक्ला ने बताया कि अब तक संस्था देश के विभिन्न शहरों में 14 संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकी है। इन आयोजनों से एकत्रित सहयोग राशि दृष्टिहीन बच्चों एवं उनके लिए कार्य करने वाली संस्थाओं को दी जाती रही है।
यूट्यूब और फेसबुक पर लाइव प्रसारण
जो लोग कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सकते, वे इसे यूट्यूब और फेसबुक पर लाइव देख सकेंगे। संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस मानवता से भरे आयोजन को सफल बनाएं। स्पंदन संस्था का यह प्रयास न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और करुणा की मिसाल भी है।


