
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। राज्य स्तरीय खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता का शुभारंभ Ratlam के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 संभागों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि Ratlam मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. एचएल अनिजवाल (अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल) एवं डॉ. प्रशांत पुराणिक (प्राचार्य, कन्या महाविद्यालय, उज्जैन) उपस्थित रहे। विशेष अतिथि Ratlam जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस Ratlam के प्राचार्य ने की। कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी एवं खेल संघ अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति निरंतर समर्पण, स्वास्थ्य एवं जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। राष्ट्रीय गान के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता की औपचारिक उद्घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित मरमट ने किया एवं आभार प्रदर्शन रविकांत मालवीय द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के समस्त स्टाफ, अन्य महाविद्यालयों से आए सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
खेल भावना और अनुशासन सिखाता है

मुख्य अतिथि अश्वनी ने अपने संबोधन में कहा कि खो-खो केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाता, बल्कि टीम स्पिरिट, अनुशासन और समर्पण की भावना भी विकसित करता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
खेल आत्मविश्वास और टीमवर्क का माध्यम
विशिष्ट अतिथि डॉ. एचएल अनिजवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क सिखाने का सशक्त माध्यम है। डॉ. प्रशांत पुराणिक ने कहा कि भारतीय पारंपरिक खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र गौरव से जुड़े महत्वपूर्ण आयाम हैं।
परिणाम से अधिक प्रयास महत्वपूर्ण
विशेष अतिथि विनोद करमचंद जी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में परिणाम चाहे जो भी हो, लेकिन किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। खेल जीवन में चुनौतियों का सामना करना, हार-जीत में संतुलन बनाए रखना और निरंतर आगे बढ़ना सिखाते हैं।
महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अवसर देना और स्वदेशी खेलों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रूपेंद्र फर्स्वाण ने बताया कि पहला मैच शहडोल बनाम खरगोन के बीच खेला गया, जिसमें खरगोन विजेता रही। दूसरा मैच उज्जैन बनाम सागर के बीच हुआ, जिसमें उज्जैन टीम विजेता बनी। तीसरा मैच छतरपुर बनाम ग्वालियर के बीच खेला गया, जिसमें ग्वालियर टीम ने जीत दर्ज की। सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


