
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। लोकसभा में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट (Lok Sabha Budget 2026) प्रस्तुत किया गया। लगातार नौवीं बार पेश केंद्रीय बजट को शहर विधायक और कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप (Cabinet Minister Chaitanya Kashyap) के जनसंपर्क कार्यालय पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण देखा और समझा गया।
बजट प्रसारण को लेकर दिखा उत्साह

विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय बजट (Lok Sabha Budget 2026) के प्रसारण को देखने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप (Cabinet Minister Chaitanya Kashyap) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विकसित भारत 2047 की परिकल्पना वाला बजट
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप (Cabinet Minister Chaitanya Kashyap) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में हाईटेक सेक्टर से लेकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन दिया गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण, स्कूली शिक्षा के विकास और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। कैबिनेट मंत्री काश्यप (Cabinet Minister Chaitanya Kashyap) ने कहा कि रेलवे के हाई-स्पीड कॉरिडोर, लॉजिस्टिक सेक्टर के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास से देश के भविष्य को नई दिशा मिलेगी। यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यह सही मायनों में जनता का बजट है, जो जनता को ही समर्पित है।
समझते हैं इस बजट से क्या सस्ता हुआ और क्या महंगा…
सस्ता
1. कैंसर की दवाइयां सस्ती: 17 लाइफ सेविंग ड्रग्स पर कस्टम ड्यूटी खत्म
सरकार ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी हटा दी है। इसके अलावा, 7 दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए बाहर से मंगवाई जाने वाली दवाओं और स्पेशल फूड पर भी अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। इससे उन परिवारों को बड़ी आर्थिक मदद मिलेगी जो इलाज के लिए महंगी विदेशी दवाओं पर निर्भर हैं।
2.माइक्रोवेव ओवन सस्ते: पुर्जों पर ड्यूटी घटी, घरेलू मैन्युफैक्चरिंग बढ़ेगी
घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में कुछ अहम बदलाव किए हैं। अब माइक्रोवेव ओवन बनाने में इस्तेमाल होने वाले खास पार्ट्स पर कस्टम ड्यूटी कम कर दी गई है। इससे आने वाले दिनों में माइक्रोवेव की कीमतों में कमी आ सकती है। सरकार का लक्ष्य है कि भारत कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के मामले में दुनिया का हब बने।
3. EV बैटरी और सोलर पैनल सस्ते: इसे बनाने का कच्चा माल हुआ टैक्स फ्री
एनर्जी ट्रांजैक्शन को देखते हुए सरकार ने लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाली मशीनों पर मिलने वाली टैक्स छूट का दायरा बढ़ा दिया है। अब बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान पर भी ड्यूटी नहीं लगेगी। वहीं, सोलर ग्लास बनाने में इस्तेमाल होने वाले ‘सोडियम एंटीमोनेट’ पर भी ड्यूटी हटा दी गई है, जिससे देश में सोलर पैनल बनाना सस्ता होगा।
4. जूते, कपड़े सस्ते हो सकते हैं: एक्सपोर्ट बढ़ाने के लिए कच्चे माल पर छूट
एक्सपोर्ट बढ़ाने के लिए समुद्री उत्पाद, लेदर और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए घोषणाएं हुई हैं..
- सी-फूड एक्सपोर्ट के लिए ड्यूटी फ्री इम्पोर्ट की लिमिट 1% से बढ़ाकर 3% हो गई है।
- लेदर और सिंथेटिक जूतों के साथ अब ‘शू अपर्स’ के एक्सपोर्ट पर टैक्स छूट मिलेगी।
सस्ता क्यों होगा: जब कंपनियों को सामान बनाने के लिए कच्चा माल सस्ता मिलेगा, तो प्रॉडक्शन की लागत घटेगी। अगर कंपनियां इसका फायदा ग्राहकों तक पहुंचाती हैं, तो लेदर के जूते, स्पोर्ट्स शूज और सी-फूड की कीमतें घट सकती है या कम से कम दाम स्थिर रहेंगे।
5. विदेश घूमना सस्ता होगा: सरकार ने टैक्स घटाकर 2% किया
अब विदेश यात्रा के ‘टूर पैकेज’ बुक करना सस्ता हो जाएगा। पहले 10 लाख रुपए तक के खर्च पर 5% और उससे ज्यादा पर 20% टैक्स (TCS) लगता था। इसे अब घटाकर सीधा 2% कर दिया गया है। अब इसमें रकम की कोई लिमिट भी नहीं है।
6. एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस सस्ता: पुर्जों पर कस्टम ड्यूटी हटी
नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने के लिए एयरक्राफ्ट बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जों और कंपोनेंट्स पर कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है। डिफेंस सेक्टर में भी एयरक्राफ्ट के मेंटेनेंस और रिपेयरिंग (MRO) के लिए मंगवाए जाने वाले कच्चे माल पर अब टैक्स नहीं देना होगा। इससे देश में हवाई जहाज बनाने और उनकी मरम्मत करने की लागत कम होगी।
7. विदेशी सामान मंगाना सस्ता: पर्सनल यूज की चीजों पर टैक्स घटा
विदेश से अपने निजी इस्तेमाल के लिए सामान मंगवाने मंगाना सस्ता हो जाएगा। सरकार ने ऐसे सामान पर लगने वाले टैक्स को 20% से घटाकर 10% कर दिया है।
महंगा
- शराब पर TCS को 1% से बढ़ाकर 2% कर दिया गया है। इससे शराब की कीमतें बढ़ सकती है, क्योंकि इससे दुकानदार के मुनाफे पर असर होगा।
- फ्यूचर ट्रेडिंग पर लगने वाले सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% और ऑप्शंस 0.15% किया गया है।
TCS का मतलब है ‘सोर्स पर टैक्स कलेक्शन’। यह एक तरह का एडवांस इनकम टैक्स है। दुकानदार जो 2% टैक्स अभी सरकार को देगा, उसे वह साल के आखिर में अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरते समय एडजस्ट कर सकता है।
STT ऐसा टैक्स है जो आपके हर सौदे (खरीदने और बेचने) पर लगता है। टैक्स दरें बढ़ने से अब आपको एक ही ट्रांजैक्शन के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।
नॉलेज पार्ट: GST काउंसिल तय करती है ज्यादातर चीजों के दाम
22 सितंबर 2025 से GST के चार स्लैब को घटाकर दो कर दिया था। अब केवल 5% और 18% के स्लैब में GST लगता है। GST काउंसिल की 56वीं मीटिंग में इस पर फैसला लिया गया था। इससे घी, पनीर खरीदने से लेकर कार और AC खरीदना भी सस्ता हो गया है।
सबका साथ, सबका विकास की भावना का प्रतिबिंब
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह केंद्रीय बजट ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की भावना को साकार करता है। इसमें गंभीर बीमारियों के उपचार से लेकर समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं।
दूरदर्शी और जनहितकारी केंद्रीय बजट
रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को जनहितकारी और दूरदर्शी बजट (Lok Sabha Budget 2026) के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस बजट से देश को विकास की नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


