
रतलाम/सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के पावन पर्व पर रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय सहित पूरे अंचल में शिवभक्ति की अलौकिक छटा बिखरी नजर आई। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं की लंबी कतारें सुबह से ही लग गईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के भक्तों में बाबा भोलेनाथ के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

सैलाना नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव भक्तों द्वारा भव्य छड़ी पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा भक्तन की बावड़ी से प्रारंभ होकर श्री केदारेश्वर महादेव तीर्थ तक पहुंची। रतलाम (Ratlam) और सैलाना के सैकड़ों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा देर रात से शुरू होकर अलसुबह लगभग 3 बजे तक अलग-अलग समूहों में सैलाना पहुंचती रही।
केदारेश्वर महादेव मंदिर में लगा श्रद्धालुओं का तांता
प्रातःकाल होते ही शिवगढ़ मार्ग और सरवन मार्ग स्थित दोनों श्री केदारेश्वर महादेव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
प्रसादी और भजन संध्या का आयोजन

श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सत्कार के लिए नगर की श्री चिंताहरण गणेश मंदिर समिति द्वारा तीन क्विंटल साबूदाना खिचड़ी के स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर सेवा भावना की सराहना की। इसके साथ ही मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां शिवभक्त भजनों की मधुर धुनों पर झूमते नजर आए।
प्रातः चार बजे हुआ यात्रा का समापन
लगातार पहुंच रहे यात्रियों का सिलसिला रात करीब तीन बजे तक जारी रहा। प्रातः चार बजे यात्रा श्री केदारेश्वर महादेव तीर्थ पहुंचकर संपन्न हुई। यहां श्रद्धालुओं ने दर्शन-वंदन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। गणेश मंदिर समिति ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी भक्तों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के इस आयोजन ने पूरे नगर को शिवमय बना दिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


