
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। इजराइल-ईरान (Israel-Iran) युद्ध को लेकर फैली अफवाहों के कारण रतलाम (Ratlam) जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर पेट्रोल खत्म होने और कीमतें बढ़ने की खबर वायरल होते ही Ratlam City समेत जावरा, पिपलौदा और कालूखेड़ा के पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लोगों की लंबी कतारें लग गईं।
बताया जा रहा है कि रतलाम (Ratlam) शहर के फव्वारा चौक स्थित एक पेट्रोल पंप बंद होने की सूचना सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इसके बाद लोगों में यह चर्चा फैल गई कि इजराइल-ईरान युद्ध के कारण पेट्रोल की कमी हो सकती है और कीमतें बढ़ सकती हैं। इस अफवाह के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। स्थिति यह रही कि कई पंपों पर देर रात तक भीड़ लगी रही और लोग जल्द से जल्द पेट्रोल-डीजल भरवाने की कोशिश करते रहे। इस दौरान कई जगहों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति भी देखने को मिली।

केन और ड्रम लेकर पहुंचे लोग
अफवाह का असर सिर्फ रतलाम (Ratlam)शहर तक ही सीमित नहीं रहा। जावरा, पिपलौदा और कालूखेड़ा सहित जिले के अन्य कस्बों में भी पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खासतौर पर पिपलौदा और कालूखेड़ा में कई लोग खाली केन और ड्रम लेकर पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच गए, जिससे पंपों पर पैनिक खरीदारी का माहौल बन गया।
रतलाम प्रशासन ने की स्टॉक की जांच
स्थिति को देखते हुए रतलाम (Ratlam) कलेक्टर मिशा सिंह (IAS Misha Singh) के निर्देश पर अधिकारी रात में ही पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और पेट्रोल-डीजल के स्टॉक की जांच की। अधिकारियों ने पंप संचालकों को निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल केवल वाहनों में ही दिया जाए। इसके साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी स्थिति में बोतलों, केन या ड्रम में ईंधन नहीं दिया जाएगा, ताकि अनावश्यक भंडारण और अफवाहों से पैदा हुई स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
कलेक्टर ने अफवाहों से बचने की अपील की
रतलाम (Ratlam) कलेक्टर मिशा सिंह (IAS Misha Singh) ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर पैनिक खरीदारी से बचें।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


