
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) में पांच दिवसीय बरबड़ मेले के अंतर्गत भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देश के विभिन्न शहरों से आए कवियों ने हास्य, ओज और श्रृंगार रस से भरपूर काव्य पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा। कार्यक्रम में दिल्ली से आए हास्य रस के कवि सुदीप भोला ने भगवान राम के अयोध्या आगमन पर आधारित कविता सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरी। उन्होंने कहा कि जो लोग राम के प्रमाण मांगते थे, उन्हें परिणाम मिल गया और जिनके मन में विश्वास था, उन्हें राम मिल गए।

मैनपुरी से आए ओज रस के कवि मनोज चौहान ने अपनी कविता में जीवन और देशभक्ति के भावों को व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने जीवन भर प्रेम की कहानियां सुनीं, लेकिन उन्होंने सरहदों की कहानियां लिखीं। दिल्ली की श्रृंगार रस की कवयित्री रजनी सिंह अवनी ने नारी शक्ति पर अपनी कविता प्रस्तुत करते हुए कहा कि आज की नारी घर की चौखट पार कर आगे बढ़ना सीख गई है और अब वह सूरज से भी आंख मिलाने का साहस रखती है। वहीं मेरठ की कवयित्री शुभम त्यागी ने प्रेम और संवेदनाओं से भरी कविता सुनाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
नाथद्वारा से आए हास्य कवि लोकेश महाकाली ने बली हनुमान की वीरता का वर्णन करते हुए अपनी कविता में कहा कि यदि राम स्वयं रावण का वध न करते तो हनुमान स्वयं माता जानकी को मुक्त करा लाते। धार के गीतकार कवि पंकज प्रसून ने अपनी रचना में बेटियों की वीरता और देशभक्ति को रेखांकित करते हुए कहा कि बेटियां सीमा पार दुश्मन को मारकर सिंदूर सजाकर वापस लौटी हैं। प्रतापगढ़ से आए वीर रस के कवि विजय सिंह राठौड़ ने साहित्य और विद्रोही भावनाओं पर अपनी कविता प्रस्तुत की।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से आए हास्य कवि नवीन सारथी ने वीरों की धरती पर अपनी कविता के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। कवि सम्मेलन के प्रारंभ में रतलाम (Ratlam) महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पवन सोमानी, महापौर परिषद सदस्य मनोहरलाल राजू सोनी तथा विवेक शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने कवियों का पुष्पहार और पुष्पगुच्छ से स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे और कविताओं का भरपूर आनंद लिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


