
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी की चुनौती के बीच बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने की मांग तेज हो गई है। रतलाम के पूर्व महापौर एवं भाजपा संगठन जिला प्रभारी (इंदौर ग्रामीण) शैलेंद्र डागा ने कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम (Ratlam) विधायक चेतन्य काश्यप तथा कलेक्टर को विस्तृत सुझाव पत्र सौंपकर सुनियोजित हरित अभियान शुरू करने का आग्रह किया है।

पूर्व महापौर डागा ने पत्र में कहा है कि रतलाम पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश और देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल होता जा रहा है। इस वर्ष भी तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती गर्मी, प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को गंभीर पर्यावरणीय संकट बताते हुए उन्होंने तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत जताई है।

प्रारंभिक चरण में 10 हजार पौधारोपण का सुझाव
पत्र में रतलाम (Ratlam) और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा गया है। पूर्व महापौर डागा ने सुझाव दिया है कि प्रारंभिक चरण में कम से कम 10 हजार पौधों का रोपण किया जाए और उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए। उनका मानना है कि इससे तापमान में कमी आएगी और पर्यावरण संतुलन बेहतर होगा।
इन प्रमुख स्थानों को चिन्हित करने का प्रस्ताव
पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने रतलाम (Ratlam) और आसपास ऐसे स्थानों पर पौधारोपण का सुझाव दिया है, जहां निकट भविष्य में सड़क चौड़ीकरण की संभावना कम है और पौधों का संरक्षण संभव रहेगा। इनमें प्रमुख रूप से — 80 फीट रोड, हनुमान ताल, बरबड़ रोड, सेजावता-बंजली बायपास, जावरा फाटक से सेजावता फोरलेन, महू रोड बस स्टैंड से खाचरोद फंटा मार्ग, रविदास चौक से करमदी चौराहा, त्रिवेणी मथुरी-करमदी मार्ग, रिंग रोड, बिबड़ोद रोड, गंगासागर कॉलोनी, अमृत सागर से सागोद रोड, हाईवे किनारे तथा शहर से लगे ग्रामीण मार्ग शामिल हैं।
वर्षा ऋतु से पहले समयबद्ध अभियान पर जोर
उन्होंने आगामी दो माह में विशेष अभियान चलाकर वर्षा ऋतु से पहले पौधारोपण करने का सुझाव दिया है, ताकि पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक रहे और कम संसाधनों में बेहतर परिणाम मिल सकें।
“एक पौधा–एक जिम्मेदारी” मॉडल लागू करने की मांग
पूर्व महापौर डागा ने प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड, सिंचाई और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया है। साथ ही “एक पौधा–एक जिम्मेदारी” मॉडल अपनाकर नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं को पौधों की देखरेख से जोड़ने की बात कही है।
जनभागीदारी से बने जनआंदोलन
पत्र में रतलाम नगर निगम, नगर परिषद और ग्राम पंचायतों के सहयोग से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की मांग की गई है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता
पूर्व महापौर डागा ने ऐसे पौधों के चयन का सुझाव दिया है जो स्थानीय जलवायु के अनुकूल हों, छायादार हों और पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी साबित हों। उन्होंने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप और कलेक्टर से आग्रह किया है कि इस विषय को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाए और शीघ्र प्रभावी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रतलाम (Ratlam) को हरित, सुंदर और संतुलित पर्यावरण वाला शहर बनाया जा सके।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


