
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम पलसोड़ा में 2.97 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फायर स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप (Minister Chaitanya Kashyap) ने भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की।

इस अवसर पर मंत्री काश्यप (Minister Chaitanya Kashyap) ने कहा कि रतलाम (Ratlam) निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और नया फायर स्टेशन भवन बदलते रतलाम की पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि रतलाम (Ratlam) अब महानगर बनने की दहलीज पर खड़ा है, ऐसे में शहर को सर्वसुविधायुक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों पर रतलाम की सकारात्मक छवि बने।
नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि यह रतलाम (Ratlam) के लिए गौरव का विषय है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त फायर स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इससे रतलाम नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को भी त्वरित अग्निशमन सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा ग्राम पलसोड़ा में करीब एक हेक्टेयर भूमि फायर स्टेशन निर्माण के लिए आवंटित की गई है। यह भवन पलसोड़ा वर्कशॉप के पीछे निर्मित होगा।
10 फायर वाहनों की पार्किंग सहित रहेंगी सुविधाएं
प्रस्तावित फायर स्टेशन में 10 अग्निशमन वाहनों के लिए आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सुसज्जित कंट्रोल रूम, फायर कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कक्ष, पेवर ब्लॉक, सीसी एप्रोच रोड, ट्यूबवेल खनन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सेवाओं की गुणवत्ता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि इस भवन के निर्माण से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं की गुणवत्ता और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे आमजन की सुरक्षा और बेहतर हो सकेगी। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि शहर में लंबे समय से अत्याधुनिक फायर स्टेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसका सपना अब साकार हो रहा है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, अनिता कटारा, विशाल शर्मा, मनोहरलाल सोनी, सपना त्रिपाठी, हितेश कामरेड, शक्तिसिंह राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


