
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई। हादसा रतलाम (Ratlam) जिले के आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ। भीषण आग की घटना के बाद यात्रियों ने कोच से कूदकर अपनी जान बचाई। फिलहाल दिल्ली – मुंबई रूट को एहतियात बतौर बंद कर रखा है। राजधानी एक्सप्रेस हादसे के बाद राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की C&W (कैरेज एंड वैगन) विभाग की यातायात वैन हादसे का शिकार हो गई। वैन शामगढ़-सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
हादसे में 5 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) रात करीब 3.45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई। इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान में एंट्री से पहले लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के पास एसी कोच (बी-1) में आग लग गई। कोच में 68 यात्री सवार थे। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित कोच को अलग कर दिया गया है।
खबर मिलते ही डीआरएम मौके पर रवाना
घटना स्थल राजस्थान के कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, लेकिन रतलाम मंडल मुख्यालय नजदीक होने से रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार मौके के लिए रवाना हो गए। राहत और बचाव के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन सुबह घटना स्थल भेजी गई है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


