Rajdhani Express : धुएं से जागे यात्री, जान बचाने की जद्दोजहद में जल गया सामान

- कोटा-रतलाम रेलखंड पर बड़ा हादसा, बाल-बाल बचे यात्री

Rajdhani Express

कोटा/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (Rajdhani Express) में रविवार तड़के आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ, जब ट्रेन के बी-1 कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन (SLR) में आग भड़क उठी।

घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का लाखों रुपए का सामान, मोबाइल, दस्तावेज, नकदी और गहने आग की भेंट चढ़ गए। कई यात्रियों को कोच से निकलने के दौरान चोटें भी आईं।

‘धुएं से खुली आंख, बच्चों को लेकर भागे बाहर’

बी-1 कोच में सफर कर रहीं मीरा यादव ने बताया कि वे परिवार के साथ बड़ौदा से दिल्ली जा रही थीं। अचानक कोच में धुआं भर गया और लोग “जल्दी निकलो” चिल्लाने लगे। बच्चों को संभालते हुए किसी तरह बाहर निकले, लेकिन अफरा-तफरी में बैग कोच में ही छूट गए, जो आग में जल गए।

यात्रियों ने देखा धुआं, स्टाफ ने नहीं दी सूचना

20260518 090614

गोवा से दिल्ली जा रही यात्री विरमति ने कहा कि एक यात्री Rajdhani Express के टॉयलेट जाने के लिए उठा था, उसी ने सबसे पहले धुआं देखा और बाकी लोगों को सतर्क किया। उनका आरोप है कि रेलवे स्टाफ की ओर से शुरुआती समय में कोई चेतावनी नहीं दी गई।उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए लोग नंगे पैर ट्रेन से उतरे और झाड़ियों व खेतों की ओर भागे। उनका नकद और अन्य सामान पूरी तरह जल गया।

‘15-20 मिनट में पूरा कोच आग की चपेट में आया’

यात्रियों के मुताबिक धुआं उठने के कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। संजू मिश्रा, जो अपने परिवार के साथ सूरत से दिल्ली जा रही थीं, ने बताया कि सायरन बजने के बाद उनकी नींद खुली। वे बच्चों को लेकर बाहर निकल गईं, लेकिन कुछ ही देर में पूरा डिब्बा जलने लगा। बैग में रखी नकदी, गहने और कपड़े आग में नष्ट हो गए।

दमकल पहुंचने में देरी पर उठे सवाल

बारां जिले के अंता निवासी मोईज बोहरा ने बताया कि घटना के बाद यात्री खेतों में जाकर बैठे रहे। उनका दावा है कि दमकल की गाड़ियां दो से तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। तब तक प्रभावित कोच और जनरेटर यान पूरी तरह जल चुके थे।

कल खरीदा मोबाइल, आज राख बन गया

20260518 090743

महाराष्ट्र की प्रीति चौहान, जो परिवार के साथ कश्मीर घूमने जा रही थीं, ने बताया कि उनके चार बैग में यात्रा का सामान था। आग लगने के बाद वे केवल एक बैग ही बचा सकीं। हाल ही में खरीदा नया मोबाइल भी आग में जल गया।

कोटा स्टेशन पर मुआवजे को लेकर हंगामा

हादसे के बाद Rajdhani Express ट्रेन कोटा पहुंची तो यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। यात्रियों ने नुकसान की भरपाई, मुआवजा और दस्तावेजों के लिए FIR दर्ज कराने की मांग की। करीब एक घंटे तक स्टेशन पर हंगामे की स्थिति बनी रही। यात्री दुष्यंत ने आरोप लगाया कि कोटा पहुंचने के बाद भी लंबे समय तक उनकी शिकायत नहीं सुनी गई। उनका लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज आग में जल गए।

मेडिकल मदद नहीं मिली, ट्रेन से कूदने में चोट लगी

मुंबई से दिल्ली जा रहे अमनदीप ने बताया कि धुआं फैलते ही कोच में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए वे ट्रेन से कूदे, जिससे दोनों पैरों में चोट आई। उनका कहना है कि मौके पर पर्याप्त मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

आर्मी जवानों ने संभाला मोर्चा, यात्रियों को निकाला बाहर

Rajdhani Express कोच में सफर कर रहे सेना के दो जवानों ने यात्रियों की मदद की। जवान जितेंद्र ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और लोग घबराकर भाग रहे थे। उन्होंने कई यात्रियों को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान वे खुद भी घायल हुए और उनका सामान जल गया।

फायर सिलेंडर मौजूद था, लेकिन चला नहीं

सेना के जवान अरुण भट्ट ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोच में अग्निशमन यंत्र मौजूद था, लेकिन वह काम नहीं कर रहा था। यदि उपकरण सही स्थिति में होता तो शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाया जा सकता था।

रेलवे ने गठित की उच्चस्तरीय जांच समिति

घटना की जांच के लिए पश्चिम-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने छह सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति बनाई है। मुख्य सुरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी के नेतृत्व में गठित इस समिति में मुकेश, एम. विजय कुमार, एन.एस. प्रसाद, महेंद्र सिंह और राजीव कुमार शामिल हैं। समिति हादसे के कारणों और सुरक्षा प्रबंधन की जांच करेगी।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!