Ratlam Municipal Corporatio : जल संकट में जनता परेशान और रेलवे मैदान में छिड़काव

- भीषण गर्मी में जलसंकट के चलते अधिकांश क्षेत्र प्रभावित, इसके बावजूद जिम्मेदार बेपरवाह 

Shamelessness from the Ratlam Municipal Corporatio

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) में बढ़ते जल संकट के बीच रविवार को डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी के रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने खाली बर्तन लेकर शहर के प्रवेश मार्ग स्थित फोरलेन सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और नगर निगम प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति तब और विडंबनापूर्ण दिखी जब एक ओर लोग पानी के लिए प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर रतलाम नगर निगम की फायर लॉरी से रेलवे ग्राउंड में पानी का छिड़काव किया जा रहा था। ऐसे में जब लोग पानी के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे, उसी समय खेल मैदान में पानी के उपयोग ने कई सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों ने इसे प्राथमिकताओं का असंतुलन बताते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

कई दिनों से पानी संकट, नहीं मिल रहा स्थायी समाधान

रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पानी की समस्या बनी हुई है। नल कनेक्शन होने के बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही। टैंकरों से आपूर्ति की जाती है, लेकिन वह जरूरत के मुकाबले बेहद कम साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि बनी हुई पानी की टंकी में भी समय पर पानी नहीं भरा जाता। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी, नगर निगम के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया और पानी के टैंकर भी भेजे, लेकिन रहवासी संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि एक-दो टैंकरों से पूरी मल्टी की समस्या का समाधान संभव नहीं है। बाद में नगर निगम ने अतिरिक्त टैंकर भी भेजे और तहसीलदार पिंकी साठे ने भी मौके पर पहुंचकर बातचीत की, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका।

समय पर नहीं आता पानी, वॉल मैन नहीं खोलता लाइन

रहवासी लता गौड़ ने बताया कि समय पर टैंकर नहीं आते और नल लाइन होने के बावजूद नियमित पानी नहीं मिलता। उनका आरोप है कि वॉल मैन समय पर लाइन नहीं खोलता, जिससे कुछ घरों में पानी पहुंचता है और कई घर खाली रह जाते हैं। रहवासियों ने बताया कि वे पिछले तीन महीने से परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्र में पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन उसमें पर्याप्त पानी नहीं भरा जाता। आरोप है कि नल डायरी और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर भी लोगों को परेशान किया जा रहा है।

कमिश्नर पहुंचे, बकाया भुगतान और दस्तावेजों का मुद्दा उठाया

करीब ढाई घंटे बाद रतलाम नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने पांच प्रतिनिधियों से चर्चा की और कहा कि मल्टी में कई वर्षों से बिजली बिल, लोन की किश्तें और अन्य भुगतान लंबित हैं। कई लोगों ने अब तक रजिस्ट्री और नल कनेक्शन से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी नहीं की है। कमिश्नर ने सोमवार को कैंप लगाने और मौके पर ही नल कनेक्शन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने का प्रस्ताव रखा, लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। बातचीत के बावजूद लोग दोबारा सड़क पर बैठ गए और अधिकारी लौट गए।

झुग्गी बस्तियों से लाकर बसाए गए थे परिवार

जानकारी के अनुसार, डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी में करीब पांच साल पहले शहर की अवैध झुग्गी बस्तियों से परिवारों को स्थानांतरित किया गया था। प्रशासन का कहना है कि कई परिवारों ने अब तक रजिस्ट्री, लोन भुगतान और नल कनेक्शन की औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं। हालांकि रहवासी इसे समस्या का मूल कारण मानने से इनकार कर रहे हैं।

शहर में भी बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था

सिर्फ डोसी गांव ही नहीं, रतलाम (Ratlam) के कई हिस्सों में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित है। एक दिन के टर्न सिस्टम के बावजूद दो-दो और तीन-तीन दिन तक नलों में पानी नहीं पहुंच रहा। तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए नगर निगम की ओर से लगातार देरी की सूचनाएं दी जा रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है। 

बेशर्मी : प्रदर्शन के बीच मैदान में पानी का छिड़काव 

घटना के दौरान कुछ दूरी पर स्थित रेलवे ग्राउंड में नगर निगम की फायर लॉरी से पानी का छिड़काव किया जा रहा था। यहां 25 से 31 मई तक प्रस्तावित क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियां चल रही हैं। मैदान के बाहर टूर्नामेंट के बैनर लगे थे।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!