
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के मथुरी गांव के पास रिंग रोड किनारे रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पुलिया के नीचे रखे पानी के पाइप से नवजात शिशु (Newborn) के रोने की आवाज सुनाई देने पर ग्रामीणों ने तलाश की तो बारदान और प्लास्टिक की थैली में लिपटा एक जिंदा नवजात बालक मिला। सूचना मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

खेत जाते समय किसान को सुनाई दी रोने की आवाज
रविवार सुबह करीब 10 बजे मथुरी गांव निवासी किसान अंबाराम पाटीदार अपने खेत की ओर जा रहे थे। रिंग रोड चौराहे के पास घोड़ाखेड़ा रोड स्थित पुलिया के समीप उन्हें किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आसपास तलाश की तो पानी के पाइप के भीतर रखा एक बारदान दिखाई दिया। बारदान खोलने पर उसके अंदर प्लास्टिक की थैली में एक नवजात बालक जीवित अवस्था में मिला।
जन्म के तुरंत बाद छोड़े जाने की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि नवजात (Newborn) की नाल और आंत (अम्बिलिकल कॉर्ड) तक नहीं कटी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का जन्म रविवार सुबह ही हुआ और कुछ ही समय बाद उसे वहां छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बच्चे को रात में छोड़ा गया होता तो बारिश और अन्य परिस्थितियों में उसका जीवित बचना मुश्किल था।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी सूचना
नवजात (Newborn) मिलने के बाद अंबाराम पाटीदार ने गांव के गिरधारी चौधरी, मुकेश पाटीदार और सुनील राठौड़ को सूचना दी। इसके बाद गिरधारी चौधरी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।
अस्पतालों की जानकारी खंगाल रही पुलिस
Ratlam डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि नवजात (Newborn) को सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही क्षेत्र के अस्पतालों और प्रसूति केंद्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मामले का जल्द खुलासा किया जा सके। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


