
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम ( Ratlam) जिले के बाजना क्षेत्र के ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए खूनी संघर्ष में 18 वर्षीय युवक लक्ष्मण मचार की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को बादरिया मचार और रमेश मचार के परिवारों के बीच सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हिंसक हो गया था। आरोप है कि रमेश मचार ने अपने साथियों के साथ बादरिया मचार के परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान रमेश ने लक्ष्मण मचार पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं बादरिया मचार और उनके बड़े बेटे नारायण पर भी लाठी और पत्थरों से हमला किया गया।
बाजना थाना प्रभारी (टीआई) रवींद्र दंडोतिया ने बताया कि पुलिस ने रमेश मचार (32), ज्योतिलाल उर्फ जोतिया (19), विकास (23), राजू (22) और मोहन (52) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं पंकज मचार और माइकल मचार की तलाश जारी है। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी गांव के पास खेतों में छिपे हुए थे। आरोपियों का कहना था कि उन्हें डर था कि दूसरा पक्ष उनके घरों में आग लगा सकता है, इसलिए वे गांव के आसपास ही छिपे रहे। बुधवार को पुलिस सुरक्षा के बीच मृतक लक्ष्मण का अंतिम संस्कार कराया गया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


