Ratlam : पूर्व विधायक बोले आपकी नौकरी खा जाऊंगा, कमिश्नर ने कहा मोहब्बत है तो रुपए जमा कर दो

- मामला पीएम आवास योजना के 208 फ्लैट खाली कराने का, भारी पुलिस बल तैनात

20260805 153114

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) स्थित डोसी गांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (ईडब्ल्यूएस) के 208 फ्लैटों को खाली कराने की कार्रवाई बुधवार को प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से शुरू की। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कई फ्लैटों से रहवासियों का सामान बाहर निकालकर मकानों को सील कर दिया।

नगर निगम के कर्मचारियों ने फ्लैटों से घरेलू सामान निकालकर लोडिंग वाहनों में रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे घरों के बाहर बैठकर विरोध जताते रहे। कई रहवासियों ने अपने घरों में ताला लगाकर कलेक्ट्रेट पहुंचने का प्रयास किया।

समर्थन में पहुंचे पूर्व विधायक सकलेचा

सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक पारस सकलेचा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बारिश के मौसम में गरीब परिवारों को बेघर किए जाने का विरोध करते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की। विरोध के दौरान सकलेचा ने सामान ले जा रहे लोडिंग वाहन के सामने खड़े होकर उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने सड़क पर बैठकर और बाद में लेटकर अपना विरोध जारी रखा।

कमिश्नर और पूर्व विधायक के बीच तीखी बहस

कार्रवाई के दौरान रतलाम (Ratlam) नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना और पूर्व विधायक पारस सकलेचा के बीच तीखी बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमिश्नर ने अधिकारियों से सकलेचा को हटाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। कमिश्नर ने कहा, “यदि आपको इन लोगों से इतनी मोहब्बत है तो इनके बकाया रुपए आप जमा कर दीजिए।” इस पर सकलेचा ने नाराजगी जताते हुए कहा, “आपकी नौकरी खा जाऊंगा।”

पुलिस से बहस और बिगड़ी तबीयत

विरोध के दौरान सकलेचा सड़क पर लेट गए और पुलिस की समझाइश के बावजूद उठने से इनकार कर दिया। महिला पुलिस अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन वे विरोध पर अड़े रहे। इस दौरान उनके समर्थकों ने “गरीबों पर अत्याचार बंद करो” और “गरीबों की लड़ाई हम लड़ेंगे” जैसे नारे लगाए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल और एम्बुलेंस भी मौके पर बुलानी पड़ी। कुछ देर बाद पारस सकलेचा की तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।

कार्रवाई जारी, विरोध भी बरकरार

पूर्व विधायक को अस्पताल भेजे जाने के बाद भी रतलाम (Ratlam) नगर निगम की फ्लैट खाली कराने की कार्रवाई जारी रही। दूसरी ओर, प्रभावित परिवारों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रखी। पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!