

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रतलाम ( Ratlam) में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में कलेक्टर, महापौर समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर पैदल चले, लेकिन उनके पीछे खाली सरकारी और निजी वाहनों का काफिला भी चलता रहा। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए।

नगर निगम कार्यालय से शुरू हुई रैली
तिरंगा रैली का शुभारंभ शाम करीब 4 बजे नगर निगम कार्यालय परिसर से हुआ। अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर पैदल रवाना हुए। रैली कॉलेज रोड, जेल रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, न्यू रोड और दो बत्ती से होते हुए महाराजा सज्जन सिंह चौराहा पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी हुए शामिल
रैली में महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई चंद्रवंशी, आरडीए उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए।
समापन पर कलेक्टर ने स्वच्छता का दिया संदेश
रैली के समापन अवसर पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि देश इस वर्ष 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों की भी याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से रतलाम शहर और पूरे जिले को स्वच्छ रखने तथा जिले की प्रगति और विकास में योगदान देने की अपील की।
पैदल रैली के पीछे चलता रहा वाहनों का काफिला
रैली के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले। वहीं, उनके पीछे कई वाहन भी लगातार चलते नजर आए। इनमें ऐसे वाहन भी शामिल थे, जिनमें रैली में शामिल अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं थे। इससे पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर दिए जा रहे संदेश की व्यवहारिकता पर सवाल उठने लगे।
स्वच्छता के संदेश के साथ ईंधन बचत पर भी ध्यान जरूरी
रैली के मंच से शहर को स्वच्छ रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। वहीं, वाहनों का खाली काफिला इस संदेश के दूसरे पहलू पर सवाल खड़ा करता नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचाने की अपील के बीच यदि पैदल आयोजित कार्यक्रमों में अनावश्यक वाहनों का इस्तेमाल कम किया जाए, तो यह पर्यावरण और ईंधन बचत के संदेश को और मजबूत कर सकता है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


