


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। स्वर्गीय अश्विनी जी शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर 19 अगस्त 2026 को रतलाम (Ratlam) में पर्यावरण संरक्षण और खेल प्रतिभाओं के सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रतलाम जिला खेल संघ एवं आशुतोष क्रिकेट एवं स्पोर्ट्स क्लब रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह पौधारोपण से होगी, जबकि शाम को जिले के प्रतिभाशाली राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।



बीमा हॉस्पिटल परिसर में होगा पौधारोपण
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे जवाहर नगर स्थित बीमा हॉस्पिटल परिसर में पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान पौधे रोपित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा और उपस्थितजन पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेंगे। रतलाम जिला खेल संघ के हार्दिक कुरवारा एवं आशुतोष क्रिकेट एवं स्पोर्ट्स क्लब के भूपेंद्र राठौर ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम में अश्विनी शर्मा के मित्रों एवं परिवारजनों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।



राष्ट्रीय खिलाड़ियों का होगा सम्मान
इसी क्रम में शाम 6 बजे न्यू रोड स्थित गुरु तेग बहादुर हॉल में खेल सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में रतलाम जिले के प्रतिभाशाली राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर खेल जगत में खिलाड़ियों के योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।
खेल संगठनों के पदाधिकारी और खिलाड़ी रहेंगे मौजूद
सम्मान समारोह में खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने जिले के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में रतलाम जिला खेल संघ एवं आशुतोष क्रिकेट एवं स्पोर्ट्स क्लब के आरसी तिवारी, सुरेश माथुर, अनुज शर्मा, राहुल श्रीवास्तव, कमल नयन व्यास, दुर्गाशंकर मोयल, देवराज यादव, भूषण व्यास, अजय ठाकुर, दीपेंद्र ठाकुर, जोस चाको, एसएन पटेरिया, निखिल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


