


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रतलाम (Ratlam) जिले में अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत रतलाम शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को सैलाना क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।



मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान जोधपुर मिष्ठान भंडार, बस स्टैंड सैलाना से काजू कतली एवं घेवर के दो नमूने लिए गए। वहीं परमार कचौड़ी, गांधी मार्ग सैलाना से मावा पेड़ा का नमूना तथा रंजित नमकीन एवं मिष्ठान भंडार, सदर बाजार सैलाना से मावा बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। इसी तरह श्री होरी पैलेस, वल्लभ मार्ग सैलाना से भी मावा बर्फी का नमूना लिया गया। विभाग द्वारा सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।



रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पर्व को लेकर लगातार जारी रहेगा अभियान
रतलाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट एवं घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


