

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना थाना अंतर्गत बुधवार देर रात मंगेतर से मिलकर दोस्तों के साथ घर लौट रहे तीन युवकों पर अज्ञात आरोपियों ने हमला कर दिया। भैरूघाटा के समीप हमलावरों ने पहले युवकों पर पत्थर बरसाए और बाद में लाठियों से हमला किया। सनसनीखेज वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया जा रहा है। मामले में टीआई बोलीं- बाइक का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश (18) पिता वरसिंह भाभर निवासी धभाईखेड़ी (अडवानिया) और गोपाल (16) पिता गोवर्धन चरपोटा के रूप में हुई है। वहीं, करण पिता मनसुख मईडा (17) इस हमले में गंभीर घायल हुआ है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा का कहना है कि घायल युवक ने बताया कि हमारे साथ मारपीट की, पथराव किया। जान बचाने के लिए बाइक भगाई। इस दौरान वह नीचे गिर गया। जबकि दो अन्य झोपड़ी में घुस गए। हमारा कहना है कि दो लड़कों की मौत हुई है। ईमानदारी से जांच करें। क्योंकि घायल लड़का खुद बोल रहा है कि उनके साथ मारपीट हुई है।
मंगेतर से मिलने गए थे दौलतपुरा
घायल करण ने पुलिस को बताया कि वह रमेश और गोपाल के साथ रमेश की मंगेतर से मिलने दौलतपुरा गया था। वहां से मुलाकात के बाद तीनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
पहले पथराव, फिर लाठियों से हमला
करण के मुताबिक, भैरूघाटा के पास सड़क किनारे मौजूद करीब 10 से 12 लोगों ने अचानक उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। युवकों ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी आगे पहुंचने पर अन्य लोगों ने उन्हें रोककर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया।
जान बचाकर भागा करण, डायल-112 को दी सूचना
हमले के दौरान करण किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसने डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। दूसरी ओर, हमले में रमेश और गोपाल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
एक ने रास्ते में, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
डायल-112 की मदद से दोनों घायल युवकों को सैलाना लाया जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ही रमेश ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गोपाल की सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया रात में 112 पर दुर्घटना का इवेंट आया था। पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से घायलों को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें से दो की मौत हो गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


