


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय पर गणेशोत्सव के उत्सवी माहौल के बीच पिछले तीन दिनों से अधिकांश क्षेत्रों में बिजली बाधा उत्पन्न कर रही हैं। जुनी कलालसेरी क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से शाम के समय बिजली कटौती से रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार रात बिजली गुल होने के बाद बड़ी संख्या में रहवासी शिकायत लेकर विद्युत वितरण कंपनी की पैलेस रोड चौकी पहुंच गए। यहां जिम्मेदार कर्मचारी के समय पर मौजूद नहीं मिलने और समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश फैला ओर तनाव की स्थिति निर्मित हुई।
गुरुवार रात करीब 8.30 से 9 बजे के बीच पटरी पार के अधिकांश क्षेत्र के अलावा जुनी कलालसेरी की बिजली बंद हो गई थी। इसके बाद जुनी कलालसेरी के रहवासी एकत्र होकर विद्युत चौकी पहुंचे। लोगों का कहना था कि वे काफी देर तक जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन करीब एक घंटे तक उन्हें समस्या को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
आरती और धार्मिक आयोजनों के समय अंधेरा
भाजपा नेता जलज सांकला ने बाधित बिजली वितरण व्यवस्था को लेकर बताया कि गणेशोत्सव के दौरान शाम के समय क्षेत्र में आरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। ऐसे समय पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली गुल होने से पूरे इलाके में अंधेरा छा जाता है और आयोजन प्रभावित होते हैं। उनका आरोप था कि बिजली कटौती की शिकायत के लिए चौकी पर फोन करने के बावजूद समय पर उचित जवाब नहीं मिलता। चौकी पर कर्मचारी गैर मौजूद रहते हैं और बाद में जो आते हैं वह नशे में धुत्त होकर आते हैं।
अधिकारी के पहुंचने के बाद बढ़ी बहस
कुछ समय बाद मौके पर असिस्टेंट इंजीनियर अर्पित सक्सेना पहुंचे और रहवासियों से बातचीत शुरू की। बिजली कटौती को लेकर चर्चा के दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई। स्थिति इस कदर बिगड़ी कि अधिकारी और कुछ रहवासियों के बीच झूमाझटकी की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। कंपनी के अधिकारियों की ओर से बिजली कटौती की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद रहवासी विद्युत चौकी से रवाना हुए।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


