Ratlam : दराते खरीदने का झांसा देकर लोहार के जेवर लूटे, CCTV में दिखे संदिग्ध

- SP ने घटनास्थल पहुंचकर देखे फुटेज, टीम बदमाशों की खोज में जुटी

Advertisements
Advertisements
jewelry looted in Ratlam

सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना नगर में दराते बेचने निकले एक लोहार को ज्यादा संख्या में दराते खरीदने का लालच देकर बदमाश बायपास तक ले गए और दिनदहाड़े उसके जेवर लूटकर फरार हो गए। इस वारदात में तीन बाइक सवार बदमाशों की भूमिका सामने आई है। आरोपियों ने पहले खरीदारी का सौदा तय किया और फिर सुनसान जगह पर लोहार को लेजाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक लूटे गए सोने और चांदी के जेवरों की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। मौके पर रतलाम एसपी अमित कुमार ने निरीक्षण कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की है। 

15 से 20 दराते खरीदने का दिया झांसा

पिपलौदा के झालानगर निवासी विष्णु पिता दिनेश गाडोलिया अपनी माताजी मोहनबाई के साथ रविवार सुबह करीब 9 बजे दराते बेचने सैलाना पहुंचा था। दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों बस स्टैंड पर दराते बेच रहे थे। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और दराते खरीदने की इच्छा जताई। विष्णु ने एक दराते की कीमत 120 रुपए बताई। इस पर बदमाशों ने कहा कि उनके अन्य साथी बोदिना फंटे पर मौजूद हैं और उन्हें 15 से 20 दरातों की जरूरत है। बातचीत के बाद प्रति दराता 110 रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद विष्णु चार दराते लेकर दो बदमाशों के साथ बोदिना फंटे की ओर रवाना हो गया।

ढाबे के पास पहुंचते ही लूट की वारदात

पीड़ित के अनुसार बदमाश उसे हरियाली ढाबे के पास ले गए, जहां उन्होंने बताया कि उनके साथी और वाहन आसपास ही खड़े हैं। दोपहर करीब 1.30 बजे वहां पहुंचते ही एक बदमाश ने पीछे से विष्णु के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने उसके कानों में पहनी सोने की दोनों बालियां और हाथ की चांदी की अंगूठियां निकाल लीं। बदमाशों ने उसे डराया-धमकाया और जेवर लेकर फरार हो गए। अचानक हुई घटना से घबराए विष्णु ने अपने पास रखे चारों दराते वहीं छोड़ दिए और बस स्टैंड पहुंचकर अपनी माताजी को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पिता को फोन कर पूरी घटना बताई।

CCTV में दिखा संदिग्ध, SP ने की जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार सोमवार को वारदात स्थल पहुंचे। उन्होंने बायपास स्थित नमकीन दुकान पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज देखे, जिनमें एक संदिग्ध बदमाश दिखाई दिया। इसके बाद एसपी अमित कुमार बस स्टैंड पहुंचे और वहां दुकानदारों द्वारा लगाए गए CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। इस दौरान थाना प्रभारी पिंकी आकाश भी मौजूद रहीं। पुलिस आसपास के कैमरों के फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

CCTV में संदिग्ध कैद, जल्द गिरफ्तारी

रतलाम ( Ratlam) एसपी अमित कुमार ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि दराते बेचने वाले व्यक्ति के साथ लूट की वारदात हुई है। घटना में दो से तीन बदमाशों की भूमिका सामने आई है। FIR दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!