


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज (Royal College) में फार्मेसी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवागत छात्र-छात्राओं के फूलों से स्वागत और सुमधुर स्वागत गीतों के साथ हुआ। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और प्रेरणादायी संदेशों ने विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का संचार किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रॉयल कॉलेज के चेयरमैन प्रमोद गुगालिया ने की। समारोह में चिकित्सक डॉ. नेहा सराफ, साइकोलॉजिस्ट एवं शिक्षाविद् डॉ. वेणु शर्मा, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रतलाम की सहायक प्राध्यापक डॉ. आशा राजपुरोहित तथा वर्चुअस वैली इंटरनेशनल स्कूल एवं किड्जी स्कूल की प्रधान अध्यापिका प्रियंका पांडेय अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
असफलता से सीख और जीवन में संतुलन जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन गुगालिया ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए तीन महत्वपूर्ण मूलमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा जिज्ञासु बने रहना चाहिए और प्रत्येक विषय को समझने के लिए प्रश्न पूछने तथा नई चीजें सीखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने असफलता को सफलता की राह का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए विद्यार्थियों से उससे घबराने के बजाय सीख लेकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पढ़ाई, खेलकूद, सामाजिक गतिविधियों और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, निरंतर प्रयास और जीवन में संतुलन की भावना विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा
फ्रेशर्स पार्टी के दौरान विद्यार्थियों ने सोलो डांस, ग्रुप डांस, ड्रामा और रैंप वॉक सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान जूरी सदस्यों ने विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर और विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कर्नाटक और गोवा टूर की घोषणा से खिले विद्यार्थियों के चेहरे
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब चेयरमैन गुगालिया ने आगामी दिनों में रॉयल कॉलेज के विद्यार्थियों को कर्नाटक और गोवा के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने की घोषणा की। घोषणा होते ही पूरा सभागार छात्र-छात्राओं की जोरदार तालियों से गूंज उठा। इस घोषणा से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यार्थियों ने संभाली संचालन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का संचालन थीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों देवांश सोनी, निहाल वर्मा, सलीना खान, नमिता पटीवाला, निगार खान, मेघा जटिया, यशस्वी जोशी और वंशिका बैरागी सहित अन्य विद्यार्थियों ने किया। आयोजन में कॉलेज के डायरेक्टर, सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रशासक प्रोफेसर दिनेश राजपुरोहित ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


