


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा (Javra) में पारिवारिक विवाद के बीच मंगलवार को एक और सनसनीखेज घटना सामने आई। पत्नी के पूर्व मंगेतर के साथ थाने पहुंचने के बाद पति भी वहां आ गया। उसने 8 माह की बेटी के लगाव का हवाला देते हुए पत्नी को समझाने और अपने साथ घर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित पति ने थाना परिसर में ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव के दौरान 8 माह की मासूम बेटी को भी मामूली चोट लगी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

गुमशुदगी के बाद पूर्व मंगेतर के साथ थाने पहुंची महिला
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बहादुरपुर निवासी एक विवाहित महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार शाम करीब 4 बजे महिला अपने पूर्व मंगेतर के साथ जावरा थाने पहुंची। बताया गया कि पूर्व मंगेतर खाचरौद तहसील के ग्राम लसुड़िया खेमा का निवासी है और वह भी विवाहित है। थाने में पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए।
8 माह की बेटी का हवाला देकर मनाने पहुंचा पति
महिला के थाने पहुंचने की जानकारी मिलने पर उसका पति भी वहां आ गया। उसने अपनी 8 माह की बेटी के लगाव का हवाला देते हुए पत्नी को समझाने और साथ घर लौटने के लिए मनाने का प्रयास किया। हालांकि, महिला ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने महिला को आगे की सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर जाने की सलाह दी थी।
इनकार से भड़का पति, थाना परिसर में ही निकाला चाकू
पत्नी के लगातार इनकार से नाराज पति ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं, बीच-बचाव के दौरान उसकी 8 माह की बेटी को भी मामूली चोट लग गई।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, घायल महिला रतलाम रेफर
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को पहले सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रतलाम रेफर किया गया। थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के अनुसार, आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जावरा में करीब 10 दिन के भीतर वैवाहिक संबंधों और पूर्व मंगेतर से जुड़े विवाद के बीच सामने आई। यह दूसरी घटना फिर चर्चा का विषय बनी हुई है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


