

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के बहुचर्चित डबल मर्डर मामले में विचाराधीन बंदी राहुल जाट को अब रतलाम जिला सर्किल जेल से जबलपुर जेल स्थानांतरित कर दिया है। जेल में फिनाइल पीने की कथित घटना और बंदी को मिल रही सुविधाओं को लेकर उठे सवालों के बीच मध्य प्रदेश स्थित भोपाल जेल मुख्यालय ने यह निर्णय लिया है। राहुल जाट का जेल स्थानांतरण ऐसे समय हुआ है, जब उसके आपराधिक नेटवर्क, जेल के भीतर उसकी गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे थे।



फिनाइल पीने की घटना के बाद सुर्खियों में आया था मामला
गौरतलब है कि 14 अक्टूबर 2026 की शाम रतलाम जिला सर्किल जेल में बंद विचाराधीन आरोपी राहुल जाट (37), पिता शंकरलाल जाट, के फिनाइल पीने की कथित घटना सामने आई थी। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से बेहतर उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज और फिर इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। एमवाय अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान सामने आया कि राहुल जाट ने फिनाइल का सेवन नहीं किया था। इसी आधार पर उसकी एंडोस्कोपी जांच भी नहीं की गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे दोबारा रतलाम जिला सर्किल जेल भेज दिया गया था। इस घटनाक्रम ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।

जेल में सुविधाओं को लेकर प्रकाशित खबर के बाद सक्रिय हुई एजेंसियां
राहुल जाट इससे पहले सैलाना और जावरा उपजेल में रहने के दौरान भी विवादों में रहा है। आरोप है कि सैलाना उपजेल में रहते हुए उसने ढाबे पर फायरिंग करवाने की साजिश रची थी। वहीं जावरा उपजेल में रहते हुए मोबाइल फोन कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वृद्धा शारदाबाई को धमकाकर अवैध कब्जे की कोशिश किए जाने का मामला भी सामने आया था। वंदेमातरम् न्यूज ने हाल ही में जावरा उपजेल में राहुल जाट को कथित तौर पर मिल रही सुविधाओं को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद जेल मुख्यालय और संबंधित एजेंसियों की सक्रियता बढ़ने की बात सामने आई। अब उसे जबलपुर जेल भेजने के फैसले को भी इसी पूरे घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है।
महिला अधिवक्ता ने भी जताई थी सुरक्षा की चिंता
राहुल जाट से जुड़े एक अन्य विवाद में महिला अधिवक्ता ने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और रतलाम एसपी अमित कुमार को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, जिला सर्किल जेल में हुई घटना, उपचार के दौरान सामने आए तथ्यों, एफआईआर नहीं होने की स्थिति और महिला अधिवक्ता की शिकायत को लेकर रतलाम एसपी अमित कुमार ने भी प्रकरण की फाइल तलब कर रिपोर्ट तैयार करवाई थी।
आठ गंभीर मामलों में नामजद राहुल जाट
जानकारी के अनुसार राहुल जाट डबल मर्डर सहित आठ गंभीर आपराधिक प्रकरणों में नामजद है। जेल में फिनाइल पीने की कथित घटना के बाद जेल प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को प्रतिवेदन भेजे जाने की बात भी सामने आई थी। इन मामलों में संबंधित जांच और आगे की कार्रवाई अभी लंबित बताई जा रही है।
एमवाय अस्पताल में एंडोस्कोपी नहीं होने पर भी उठे सवाल
राहुल जाट को रतलाम मेडिकल कॉलेज से इंदौर के एमवाय अस्पताल बेहतर उपचार और एंडोस्कोपी जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन वहां उसकी एंडोस्कोपी नहीं की गई। चिकित्सकीय जांच में फिनाइल सेवन की पुष्टि नहीं होने की बात सामने आने के बाद यह जांच नहीं की गई थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम और चिकित्सकीय निर्णय को लेकर उठे सवालों पर अब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जबलपुर जेल किया स्थानांतरित
रतलाम जिला सर्किल जेल के जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने वंदेमातरम् न्यूज को राहुल जाट के स्थानांतरण की पुष्टि करते हुए बताया कि आदेश के अनुसार विचाराधीन बंदी को जबलपुर जेल भेज दिया है। फिनाइल पीने की घटना सहित अन्य शिकायतों की जांच अभी लंबित है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



